चंपावत ,
*विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2026: विधानसभा लोहाघाट की प्रतियोगिताओं का पाटी के जौलाड़ी खेल मैदान में भव्य शुभारंभ*
विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2026 के अंतर्गत विधानसभा लोहाघाट की स्थानीय जनप्रतिनिधि स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ पाटी स्थित जौलाड़ी खेल मैदान में मुख्य अतिथि ज्येष्ठ प्रमुख श्री खड़क सिंह द्वारा किया गया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ज्येष्ठ प्रमुख श्री खड़क सिंह ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता के विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित खेल गतिविधियों से जुड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया।
वहीं, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी (डीओ पीआरडी) श्री जसवंत सिंह खरायत ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशने और युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने में ऐसी प्रतियोगिताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस अंडर-14 बालक वर्ग में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो एवं मुर्गा झपट्ट स्पर्धाओं का आयोजन किया गया।
60 मीटर दौड़ में विनीत सिंह ने प्रथम, कृष्णा मनराल ने द्वितीय एवं सुजल रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
600 मीटर दौड़ में रोहन सिंह बिष्ट प्रथम, विनय माहरा द्वितीय व वैभव तृतीय रहे। कबड्डी स्पर्धा में बापरू की टीम ने प्रथम, बसकुनी ने द्वितीय तथा कोलीढेक ने तृतीय स्थान हासिल किया।
खो-खो प्रतियोगिता में रौलमेल प्रथम, बाराकोट द्वितीय एवं कोलीढेक तृतीय स्थान पर रहे।
विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी के माध्यम से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से इन प्रतियोगिताओं का निरंतर आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में खेल, शिक्षा एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों, प्रशिक्षकों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी श्री जगदीश सिंह कार्की विशेष अतिथि के रूप व अन्य उपस्थित रहे।




