01 अक्टूबर 2025
*चम्पावत में शहीद सम्मान यात्रा : हवलदार हयात राम के पैतृक गांव से संग्रहित होगी आंगन की पवित्र मिट्टी*
जनपद के वीर सपूत शहीद हवलदार हयात राम की स्मृति को अमर करने हेतु बुधवार को शहीद सम्मान यात्रा पूरे सैन्य सम्मान और श्रद्धा के साथ रवाना हुई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जिला सैनिक कल्याण बोर्ड, चम्पावत परिसर में शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर यात्रा को रवाना किया।
यह यात्रा हवलदार हयात राम के पैतृक गांव के लिए निकली है, जहाँ विशेष कार्यक्रम आयोजित कर शहीद के घर-आंगन की पवित्र मिट्टी संग्रहित की जाएगी।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (सेवानिवृत्त) कर्नल उमेद सिंह ने कहा “आज यह सौभाग्य का क्षण है कि हम शहीद हयात राम के पैतृक घर जाकर उनके आंगन की पवित्र मिट्टी को ताम्र कलश में संजोएंगे। यह मिट्टी भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।”
संग्रहित मिट्टी को बाद में देहरादून में बन रहे भव्य सैन्य धाम में स्थापित किया जाएगा। यह धाम उत्तराखंड के सभी शहीदों के घरों की पवित्र मिट्टी से निर्मित हो रहा है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा शहीद सम्मान यात्रा केवल श्रद्धांजलि ही नहीं, बल्कि उन वीर सपूतों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है जिन्होंने देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। शहीद हयात राम के आंगन की मिट्टी सैन्य धाम में स्थापित होने से उनका त्याग और शौर्य हमेशा जीवंत रहेगा तथा भावी पीढ़ियाँ उनके जीवन से प्रेरणा पाती रहेंगी।
इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक एवं अन्य उपस्थित रहे।
