विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ की अहम बैठक, बीएलए-2 को सक्रिय कर सहयोग करने की अपील।

चंपावत 08 जून 2026

*विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ की अहम बैठक, बीएलए-2 को सक्रिय कर सहयोग करने की अपील*

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को पूरी पारदर्शिता और सफलता के साथ संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जिला सभागार में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि सोमवार से ही जनपद के सभी बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर ईएफ (एनुमरेशन) फार्म बांटने का कार्य शुरू कर दिया गया है।

इस पूरे महा-अभियान की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस प्रक्रिया की प्रतिदिन अपर जिलाधिकारी (ADM) स्तर पर समीक्षा की जाएगी, ताकि जमीनी स्तर पर चल रहे कार्य की सटीक मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में जिलाधिकारी ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि निर्वाचन आयोग की यह सारी प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल है, इसलिए उन्होंने सभी जनपद वासियों से एनुमरेशन फार्म में अपनी सभी जानकारियां बिल्कुल सही-सही और साफ भरने की पुरजोर अपील की है।

उन्होंने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से आग्रह करते हुए कहा कि वे बूथ स्तर पर अपने बूथ लेवल एजेंट्स (BLA-2) को सक्रिय करें और इस राष्ट्रीय अभियान में प्रशासन का सहयोग करें। बीएलए की सक्रियता से धरातल पर प्रवासियों और स्थानीय नागरिकों से संपर्क करना और अधिक सुगम हो जाएगा, जिससे इस पूरी प्रक्रिया में तेजी आएगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनपद के किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे।इसके साथ ही, उन्होंने विशेष रूप से युवाओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए कहा कि जो युवा वर्तमान में 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, उनके नाम भी इस सूची में प्राथमिकता के आधार पर जोड़े जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बैठक में मौजूद सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और जनपद वासियों से इस विशेष पुनरीक्षण मुहिम में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाने और लोकतंत्र को मजबूत करने में अपना बहुमूल्य सहयोग देने की अपील की।

बैठक के दौरान अपर जिला अधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डीएस अधिकारी, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि नंदन सिंह तड़ागी, कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधि श्याम सिंह कार्की सहित निर्वाचन विभाग के कर्मचारी व अन्य उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement