चम्पावत 01 October 2025
*जिलाधिकारी ने ग्राम नगरगाँव में मडुवे की फसल का क्रॉप कटिंग प्रयोग कराया संपन्न*
*मुख्यमंत्री के निर्देश पर महिलाओं को मिले कृषि यंत्र, जिलाधिकारी ने की क्रॉप कटिंग से उपज का आकलन*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने आज तहसील चंपावत के अंतर्गत ग्राम नगरगाँव में कृषक दीपक कुमार के खेत में खरीफ फसल मडुवे की क्रॉप कटिंग प्रयोग संपन्न कराया।
कृषि एवं सांख्यिकी विभाग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कृषक के खेत में 30 वर्ग मीटर का प्लॉट चयनित कर क्रॉप कटिंग की गई। इस क्षेत्र से 7 किलो मडुवा प्राप्त हुआ। साथ ही, 5 किलोग्राम मडुवे के नमूनों को 15 दिन तक सुखाने के उपरांत तौलने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जिससे सटीक उपज के आंकड़े प्राप्त किए जा सकेंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कृषक से बीज, उर्वरक, कीटनाशक और खेती की पद्धति संबंधी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि “जिले में फसलों की औसत उपज, उत्पादन एवं उत्पादकता से जुड़े आंकड़े क्रॉप कटिंग प्रयोगों के आधार पर ही तैयार किए जाते हैं। यह प्रक्रिया प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा अन्य कृषि आधारित योजनाओं के लिए विश्वसनीय डेटा बेस उपलब्ध कराती है।”
उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों का उपयोग सरकार एवं संबंधित संस्थाएं योजनाएं बनाने और कृषकों को लाभान्वित करने के लिए करती हैं।
इसी दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार, जिलाधिकारी द्वारा कृषक महिलाओं को कृषि यंत्र भी वितरित किए गए, ताकि वे आधुनिक उपकरणों की सहायता से अपनी कृषि गतिविधियों को और सशक्त बना सकें।
क्रॉप कटिंग प्रयोग के दौरान मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार, अपर सांख्यिकी अधिकारी श्री जुगल किशोर पांडे, विभागीय कार्मिक तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।




