आदर्श चंपावत की परिकल्पना को धरातल पर उतारने में जुटा प्रशासन, मानसून से पहले सड़कों के सुधारीकरण का कार्य तेज।

Spread the love

चंपावत 20 जून 2026

*आदर्श चंपावत की परिकल्पना को धरातल पर उतारने में जुटा प्रशासन, मानसून से पहले सड़कों के सुधारीकरण का कार्य तेज*

माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की ‘आदर्श चंपावत’ की परिकल्पना के तहत जनपद में विकास और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने का कार्य लगातार जारी है।

आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने निर्देश जारी किए हैं, जिसके अनुपालन में जनपद के राष्ट्रीय राजमार्गों, मुख्य मोटर मार्गों और ग्रामीण संपर्क मार्गों को दुरुस्त करने का अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है ताकि आगामी वर्षाकाल में भी सुरक्षित एवं सुचारु यातायात संचालित हो सके।

 

लोक निर्माण विभाग और संबंधित कार्यदायी संस्थाएं सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए लगातार धरातल पर काम कर रही हैं।

इस विशेष अभियान के अंतर्गत चंपावत-खेतीखान मोटर मार्ग पर झाड़ियों के कटान और नालियों की सफाई का कार्य प्रांतीय खंड लोनिवि चम्पावत द्वारा तेजी से किया जा रहा है। इसके साथ ही खेतार-नारियल मोटर मार्ग पर भी झाड़ी कटान व नाली सफाई का कार्य मुस्तैदी से चल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले मार्गों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिसके तहत धौन-सल्ली मोटर मार्ग पर ड्रेन क्लीयरेंस यानी नाली सफाई का काम पूरा किया जा रहा है। मानसून के दौरान भूस्खलन और मलबे की समस्या से निपटने के लिए पीएमजीएसवाई लोहाघाट द्वारा पनिया-रीठाखाल मोटर मार्ग पर स्लिप क्लीयरेंस और ड्रेन क्लीनिंग का कार्य लगातार जारी है।

जिलाधिकारी के निर्देशों के तहत इस अभियान में सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों को काटने, कल्वर्ट (पुलियों) की ब्लॉकेज हटाने, नालियों की सफाई और नए नाली निर्माण के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके साथ ही वाहनों की निर्बाध आवाजाही के लिए गड्ढा भरान और पेचवर्क का कार्य भी लगातार किया जा रहा है ताकि वर्षाकाल में जलभराव या मलबे के कारण आम जनता और यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और जिले भर में सुरक्षित एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनी रहे।

जिला प्रशासन और लोनिवि की टीमें लगातार इन कार्यों की मॉनिटरिंग कर रही हैं ताकि सभी कार्य समय सीमा के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जा सकें।

Jaya punetha editor in chief ।