चम्पावत 08 जून 2026
*चंपावत में मतदाता सूची शुद्धिकरण के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू, बीएलओ घर-घर जाकर सौंप रहे गणना प्रपत्र*
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद चंपावत में मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिहीन बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम का आगाज हो गया है। इस महत्वपूर्ण अभियान के तहत जनपद के सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ा दी है और वे घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र सौंप रहे हैं।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए अवगत कराया कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची के शुद्धिकरण को सुनिश्चित करना है ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे और सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो।
जनपद में कुल 344 बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) और 56 बीएलओ सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत जनपद के प्रत्येक मतदाता तक गणना फार्म पहुंचाए जाएंगे।
इस पूरी प्रक्रिया की समयसीमा और तकनीकी प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि आगामी 7 जुलाई तक, यानी कुल एक माह की अवधि में, सभी बीएलओ द्वारा मतदाताओं से प्राप्त इन गणना फार्मों को ‘बीएलओ ऐप’ के माध्यम से ऑनलाइन डिजिटलाइज किया जाएगा। इस डिजिटल प्रक्रिया से मतदाता पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता आएगी और डेटा को तेजी से अपडेट किया जा सकेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के बीएलओ के घर आगमन पर उन्हें सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं और इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपना पूर्ण सहयोग दें, ताकि चंपावत जनपद की मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध बनाया जा सके।
Jaya punetha editor in chief ।




