जनपद चम्पावत के सभी प्रमुख सड़क मार्ग सुचारु, यातायात सामान्य।

Spread the love

चम्पावत, 02 जुलाई 2026

*जनपद चम्पावत के सभी प्रमुख सड़क मार्ग सुचारु, यातायात सामान्य*

मानसून के दौरान जिला प्रशासन की सतत निगरानी एवं संबंधित विभागों की सक्रिय कार्यप्रणाली के परिणामस्वरूप जनपद चम्पावत में सभी प्रमुख सड़क मार्गों पर यातायात सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। गुरुवार को प्राप्त नवीनतम सूचना के अनुसार जनपद के सभी राष्ट्रीय, राज्य, जिला एवं ग्रामीण मोटर मार्ग यातायात के लिए पूर्णतः खुले हुए हैं।

राष्ट्रीय राजमार्ग-09 (टनकपुर–पिथौरागढ़) पर यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग, चम्पावत एवं लोहाघाट खंड के अंतर्गत सभी मोटर मार्गों पर आवागमन निर्बाध जारी है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीआईयू) चम्पावत एवं लोहाघाट के अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण संपर्क मार्ग भी पूरी तरह सुचारु हैं।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा मानसून अवधि के दौरान सड़क नेटवर्क की निरंतर निगरानी की जा रही है। संवेदनशील स्थलों पर संबंधित विभागों की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं तथा जेसीबी, पोकलेन एवं अन्य आवश्यक मशीनरी को किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया है, ताकि यदि कहीं मलबा अथवा अवरोध उत्पन्न हो तो उसे तत्काल हटाकर यातायात शीघ्र बहाल किया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान जनपद में आवागमन को निर्बाध बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी विभागों को 24×7 समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक मार्ग की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं, जिससे आमजन, पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वर्षाकाल के दौरान यात्रा करते समय मौसम एवं मार्गों की अद्यतन जानकारी प्राप्त करें, संवेदनशील क्षेत्रों में सावधानी बरतें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें।

Jaya punetha editor in chief ।