पेरी-अर्बन क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु 50 लाख रुपये स्वीकृत ।

Spread the love

चम्पावत, 29 जून 2026

*पेरी-अर्बन क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु 50 लाख रुपये स्वीकृत*

*मा. मुख्यमंत्री के आदर्श चम्पावत परिकल्पना को मिलेगा नया आयाम, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं आधुनिक स्वच्छता व्यवस्था होगी और अधिक सशक्त*

मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की आदर्श चम्पावत परिकल्पना को धरातल पर और अधिक प्रभावी रूप से साकार करने की दिशा में जनपद के पेरी-अर्बन (Peri-Urban) क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु रिंग फेंस्ड अकाउंट के अंतर्गत 50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

इस स्वीकृत धनराशि से पेरी-अर्बन क्षेत्रों में वैज्ञानिक एवं प्रभावी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) को मजबूत किया जाएगा। योजना के अंतर्गत प्लास्टिक अपशिष्ट के पृथक संग्रहण, स्वच्छता अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण तथा अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।

साथ ही स्वच्छता के प्रति जनसहभागिता बढ़ाने एवं व्यवहार परिवर्तन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता एवं प्रचार-प्रसार अभियान भी संचालित किए जाएंगे।

सभी कार्य शासन द्वारा निर्धारित रिंग फेंस्ड अकाउंट संचालन की एसओपी, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के मानकों के अनुरूप गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ संपादित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि यह स्वीकृति जनपद के पेरी-अर्बन क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को नई गति प्रदान करेगी। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करने, प्लास्टिक कचरे के प्रभावी प्रबंधन तथा जनभागीदारी आधारित स्वच्छता अभियान के माध्यम से चम्पावत को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण-अनुकूल जनपद बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि आमजन को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।

Jaya punetha editor in chief ।