चंपावत
*पशु स्वामियों के विरुद्ध होगी दंडात्मक कार्यवाही: सार्वजनिक स्थानों पर पालतू जानवरों को खुला छोड़ने पर जिला पंचायत चंपावत सख्त*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों पर अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत श्री अनिल जोशी ने जनपद चंपावत की समस्त जनता को सूचित करते हुए सार्वजनिक अपील की है कोई भी व्यक्ति अपने पालतू जानवरों को सड़कों, मुख्य मार्गों अथवा सार्वजनिक स्थलों पर आवारा न छोड़ें।
इसी क्रम में बृहस्पतिवार को प्रातः अपर मुख्य अधिकारी के मार्गदर्शन में जिला पंचायत की कर अधिकारी एवं पशुचिकित्सक की संयुक्त टीम द्वारा जी.आई.सी. मैदान लोहाघाट एवं उसके आसपास के क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मैदान में 08 आवारा गाय एवं बैल विचरण करते हुए पाए गए। स्थानीय नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार उक्त बैल ग्राम सभा कलीगांव के निवासियों के हैं, जिन्हें जुताई व बुवाई का कार्य पूर्ण होने के पश्चात अगला कृषि कार्य आने तक के लिए खुला छोड़ दिया जाता है।
पशुओं पर लगी घंटियों से पहचान स्थापित करते हुए संयुक्त टीम द्वारा ग्राम सभा कलीगांव के ग्राम प्रधान श्री प्रदीप कुंवर से दूरभाष पर तत्काल संपर्क साधा गया।
ग्राम प्रधान के माध्यम से संबंधित पशु स्वामियों को सार्वजनिक स्थल से अपने पशुओं को अविलंब हटाने के निर्देश दिए गए, जिसके उपरांत पशु स्वामियों द्वारा 02 जानवरों को निजी गोशाला में स्थानांतरित कर लिया गया है।
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि यदि भविष्य में सड़कों, मुख्य मार्गों या अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कोई भी पालतू अथवा आवारा पशु विचरण करता पाया गया, तो उसे तत्काल गोसदनों में भिजवा दिया जाएगा।
इस प्रक्रिया में होने वाले समस्त व्यय की वसूली संबंधित पशु स्वामियों से की जाएगी तथा उनके विरुद्ध नियम अनुसार चालान व दंडात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।




