मतगणना से पहले पाटी में सियासी घमासान, निर्दलीयों ने उठाए पारदर्शिता पर सवाल।

Spread the love

मतगणना से पहले पाटी में सियासी घमासान, निर्दलीयों ने उठाए पारदर्शिता पर सवाल।

“खिड़की से नहीं, काउंटिंग हॉल के भीतर से हो निगरानी” सीसीटीवी मॉनिटरिंग और पारदर्शी व्यवस्था की मांग, प्रशासन ने आरोपों को बताया निराधार।

लोहाघाट (चंपावत)। नवगठित नगर पंचायत पाटी के प्रथम चुनाव की मतगणना से एक दिन पहले चुनावी माहौल गरमा गया है। अध्यक्ष पद के दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने मतगणना व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है। प्रत्याशियों की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

निर्दलीय प्रत्याशियों का आरोप है कि मतगणना के दौरान उन्हें और उनके एजेंटों को काउंटिंग टेबल की निगरानी हॉल के भीतर बैठकर करने के बजाय बाहर स्थित खिड़की से करने को कहा जा रहा है। उनका कहना है कि ऐसी व्यवस्था में मतगणना प्रक्रिया पर प्रभावी नजर रखना संभव नहीं होगा, जिससे पारदर्शिता को लेकर संदेह की स्थिति पैदा हो सकती है।

प्रत्याशियों ने मांग की है कि उन्हें मतगणना कक्ष के भीतर निर्धारित स्थान पर बैठकर प्रत्येक टेबल की गतिविधियों पर नजर रखने की अनुमति दी जाए। साथ ही पूरी मतगणना प्रक्रिया की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है, ताकि किसी प्रकार के विवाद या भ्रम की स्थिति न बने। नगर पंचायत पाटी के पहले चुनाव की मतगणना को लेकर पहले ही लोगों में भारी उत्सुकता बनी हुई है। ऐसे में मतगणना से ठीक पहले उठा यह विवाद प्रशासन के लिए नई चुनौती बनकर सामने आया है।

वहीं रिटर्निंग ऑफिसर ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें भ्रामक और मनगढ़ंत बताया है। उन्होंने कहा कि 11 जून को ब्लॉक सभागार में होने वाली मतगणना के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। पूरे मतगणना स्थल को सीसीटीवी कैमरों से आच्छादित किया गया है तथा प्रत्याशियों और उनके अधिकृत एजेंटों को नियमानुसार मतगणना प्रक्रिया पर नजर रखने की पूरी अनुमति रहेगी।

रिटर्निंग ऑफिसर ने कहा कि चुनाव जैसे संवेदनशील विषय पर बिना आधार के आरोप लगाना निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवस्था में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मनोबल कमजोर करने का प्रयास है। मतगणना से पहले उठे इस विवाद के बीच अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रशासन और चुनाव अधिकारियों पर टिकी हैं। सबकी नजर इस बात पर है कि मतगणना प्रक्रिया कितनी पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होती है।

Jaya punetha editor in chief ।