चंपावत 13 अक्टूबर 2025
*PMFME योजना से सशक्त हुई प्रगति SHG, डेयरी उत्पादों में बढ़ी आमदनी*
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद चंपावत के विकास खंड लोहाघाट की ग्राम पंचायत फोर्ती में प्रगति स्वयं सहायता समूह (SHG) की चार महिलाओं ने डेयरी उद्योग में अपनी मेहनत और नवाचार से ग्रामीण आर्थिकी को एक नई दिशा दी है। इन महिलाओं ने न केवल अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ की है, बल्कि अन्य महिला समूहों के लिए प्रेरणास्रोत भी बन गई हैं।
प्रगति समूह की सदस्य श्रीमती कविता बगोली ने बताया कि उन्होंने दूध से घी, पनीर, छाछ और दही बनाने का कार्य शुरू किया। शुरुआत में समूह केवल प्रति दिन 50 लीटर दूध से काम कर रहा था, जो अब बढ़कर 250 लीटर प्रतिदिन तक पहुँच गया है। इस प्रयास से समूह को अब प्रति माह 8,000 से 10,000 रुपये की स्थिर आय हो रही है।
श्रीमती बगोली ने बताया कि उन्होंने शुरू में 2 लाख रुपये का बिना ब्याज लोन लिया था, जिसे समय पर चुकाने के बाद अब समूह ने 5 लाख रुपये का पुनः लोन लेकर अपने कार्य को और विस्तार दिया है।
इस सफलता में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) ने अहम योगदान दिया है। योजना के तहत समूह को पैकेजिंग मैटेरियल और मशीनों का लाभ मिला, जिसने छाछ, दही, घी और पनीर की पैकिंग को आसान और व्यवस्थित बनाया। इससे उत्पादों की गुणवत्ता और बाज़ार में स्वीकार्यता दोनों में सुधार हुआ।
प्रगति समूह की सफलता ने क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए भी मार्ग प्रशस्त किया है। समूह की मेहनत और उपलब्धियों को देखकर अन्य महिला समूह भी डेयरी उत्पादों के निर्माण में सक्रिय हो रहे हैं।
Jaya punetha editor in chief ।



