पंचायती राज प्रतिनिधियों के लिए पाँच दिवसीय आवासीय अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ*।

चंपावत 13 अक्टूबर 2025

*पंचायती राज प्रतिनिधियों के लिए पाँच दिवसीय आवासीय अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ*

पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने और उनकी कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (RGSA) के अंतर्गत नवनिर्वाचित जिला पंचायत प्रतिनिधियों के लिए सोमवार को जिला पंचायत सभागार, चंपावत में पांच दिवसीय “आवासीय अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम” का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार और जिला पंचायत अध्यक्ष श्री आनंद अधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण में नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं समस्त सदस्य भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें उनके दायित्वों, पंचायती राज व्यवस्था के कानूनी पहलुओं और 73वें संविधान संशोधन के प्रावधानों के साथ-साथ त्रिस्तरीय पंचायत राज संरचना और उत्तराखंड पंचायती राज अधिनियम, 2016 की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

प्रतिनिधियों को वित्तीय संसाधन प्रबंधन, बजट निर्माण की प्रक्रियाएं, स्थाई समितियों का गठन, कार्य योजना निर्माण, बैठकों का संचालन और कार्यवाही के नियमों से भी अवगत कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिला पंचायत की बैठकों के आयोजन, कृत कर्तव्य, अधिकार एवं प्रशासनिक पहलुओं पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागीय अधिकारियों की भूमिका और उनके साथ समन्वय स्थापित करने के तरीकों पर भी जोर दिया गया है। मास्टर ट्रेनर श्री एम. पी. जोशी और श्री नवीन उपाध्याय प्रशिक्षण के सभी सत्रों का संचालन कर प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी प्रदान कर रहे हैं।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे इस प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने क्षेत्रों में ग्रामीण विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करें।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी एस खाती, उप जिलाधिकारी श्री अनुराग आर्य, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश बिष्ट सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement