*‘मेरी आंगनवाड़ी, मेरी जिम्मेदारी’ थीम के साथ जनपद में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन*

चम्पावत,

*‘मेरी आंगनवाड़ी, मेरी जिम्मेदारी’ थीम के साथ जनपद में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन*

 

*स्वस्थ मां और सुपोषित बच्चे से बनेगा सशक्त समाज—जिलाधिकारी*

 

*पोषण के साथ बच्चों के प्रारंभिक विकास और महिला सशक्तीकरण पर विशेष जोर*

 

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह की मुख्य थीम ‘मेरी आंगनवाड़ी, मेरी जिम्मेदारी’ निर्धारित की गई है। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पाण्डेय एवं मा. विधायक प्रतिनिधि श्री प्रकाश तिवारी भी उपस्थित रहे।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मा. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा बच्चों के बेहतर पोषण की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। आंगनवाड़ी केंद्रों को पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और बच्चों के प्रारंभिक विकास के प्रभावी केंद्र के रूप में सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने बाल विकास विभाग के अधिकारियों को पोषण माह के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों का चरणबद्ध एवं प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि पोषण अभियान को केवल विभागीय कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी से जोड़ना आवश्यक है। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, बच्चों और उनके परिवारों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक किया जाए। आंगनवाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं पोषण सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

 

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पाण्डेय ने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक एवं संतुलित खान-पान बेहद जरूरी है। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को स्वस्थ खान-पान एवं संतुलित डाइट चार्ट के प्रति जागरूक करने के साथ ही नियमित रूप से शारीरिक रूप से सक्रिय रहने के लिए प्रेरित करने की बात कही।

 

मा. विधायक प्रतिनिधि श्री प्रकाश तिवारी ने महिला सशक्तीकरण एवं बच्चों के पोषण में आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्तियां जमीनी स्तर पर महिलाओं और बच्चों तक सरकारी योजनाओं एवं पोषण संबंधी सेवाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने इस दिशा में मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

 

कार्यक्रम के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण का संदेश देते हुए गर्भवती महिलाओं श्रीमती पुष्पा बिष्ट, श्रीमती रेनू पाण्डेय, श्रीमती रंजना जोशी एवं श्रीमती कविता बडौला की गोद भराई की गई और उन्हें पोषण किट प्रदान की गई। साथ ही श्रीमती अनिता चौधरी एवं श्रीमती दीपा चौधरी को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई।

 

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण संबंधी गतिविधियों में महिलाओं, अभिभावकों, स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय समुदाय की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ की भावना को धरातल पर प्रभावी रूप से साकार किया जा सके।

 

जिला कार्यक्रम अधिकारी पी.एस. बृजवाल ने बताया कि पोषण माह के दौरान आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनवाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं पौष्टिक हॉट कुक्ड मील, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास हेतु पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पर विशेष रूप से गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्थानीय एवं मौसमी खाद्य पदार्थों, दालों, मोटे अनाज, फल-सब्जियों, दूध एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

 

इस दौरान प्रा० मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ इंद्रजीत पांडे, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन बिष्ट, डीओ पीआरडी जशवंत खड़ायत, जिला उद्योग प्रबंधक सुमेधा पंत, सीडीपीओ राजेंद्र प्रसाद बिष्ट सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement