चंपावत 03 जुलाई 2026
*प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए समय से प्रस्ताव भेजने के निर्देश*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (पी०एम०आर०बी०पी०) हेतु नामांकन उपलब्ध कराए जाने के संबंध में जानकारी साझा करते हुए बताया कि शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के पत्र के अनुसार इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए नामांकन प्रक्रिया गत 01 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो चुकी है।
*इस राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए आवेदन व नामांकन भेजने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।*
शासन की ओर से निर्देशित किया गया है कि उक्त पुरस्कार हेतु योग्य और उपयुक्त बच्चों के नामांकनों का स्पष्ट प्रस्ताव एवं संस्तुति निर्धारित समय-सीमा के भीतर राज्यपाल सचिवालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि इन्हें माननीय राज्यपाल महोदय के विचारार्थ प्रस्तुत किया जा सके।
जिलाधिकारी ने इस राष्ट्रीय आयोजन की महत्ता को देखते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी को विशेष रूप से निर्देशित किया है कि वे प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार हेतु नामांकन उपलब्ध करवाने की पूरी कार्यवाही में व्यक्तिगत रुचि लें।
उन्होंने कहा कि जनपद के प्रतिभावान और योग्य बच्चों की पहचान कर उनके नामांकन प्राथमिकता के आधार पर भरवाए जाएं ताकि कोई भी पात्र बच्चा इस अवसर से वंचित न रहे।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने शासन के पत्र का अनुपालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस पूरे प्रकरण को पूरी गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे व्यक्तिगत रुचि लेते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार हेतु योग्य बच्चों के नामांकनों का स्पष्ट प्रस्ताव और संस्तुति यथाशीघ्र निदेशालय को उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें, जिससे जनपद के प्रस्तावों को समय रहते शासन के सम्मुख प्रस्तुत किया जा सके।
Jaya punetha editor in chief ।




