चंपावत 23 सितंबर 2025
*विधानसभा निर्वाचन नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर बैठक, राजनीतिक दलों से सहयोग का आह्वान*
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। यह बैठक विधानसभा निर्वाचन नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) की तैयारियों को लेकर बुलाई गई थी।
बैठक में जनपद के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों तथा बूथ लेवल एजेंट-1 (बीएलए-1) ने भाग लिया। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रस्तावित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के बारे में सभी दलों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि निर्वाचन नामावली को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाए रखना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती का आधार है। उन्होंने सभी दलों से अपेक्षा की कि वे इस कार्य में सक्रिय सहयोग दें।
बैठक में विशेष रूप से यह अनुरोध किया गया कि जनपद के दोनों विधानसभा क्षेत्रों – 54-लोहाघाट एवं 55-चंपावत – के प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) की नियुक्ति की जाए। सभी दलों को एक सप्ताह के भीतर बीएलए-2 के प्रपत्र भरकर जिला निर्वाचन कार्यालय, चंपावत में जमा करने के निर्देश दिए गए। बीएलए-2 की नियुक्ति से मतदाता सूची के सत्यापन और पुनरीक्षण की प्रक्रिया और अधिक सुगम, पारदर्शी एवं विश्वसनीय होगी।
बैठक में भाजपा की ओर से श्री नंदन सिंह तड़ागी एवं श्री सचिन जोशी (बीएलए-1), जबकि कांग्रेस पार्टी की ओर से श्री साहिल हुसैन और श्री अब्दुल नाजिम, जिला सचिव, उपस्थित रहे। इसके अलावा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डी.एस. अधिकारी सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कार्मिक भी बैठक में मौजूद रहे।




