विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में तेजी लाने हेतु, समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश।

Spread the love

चम्पावत, 24 जून 2026

*विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में तेजी लाने हेतु, समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश*

*विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में तेजी लाने के निर्देश, त्रुटिरहित मतदाता सूची निर्माण पर जोर*

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एवं जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा अपर जिलाधिकारी श्री के.एन. गोस्वामी ने जिला आपदा नियंत्रण कक्ष में की। समीक्षा बैठक में उन्होंने कार्यक्रम को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने तथा प्रत्येक वैध मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण एवं भरे हुए प्रपत्रों का समयबद्ध संकलन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए।

उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि जिन मतदाताओं द्वारा गणना प्रपत्र वापस जमा नहीं किए जाएंगे, उनका नाम निर्वाचन नामावली में शामिल किया जाना संभव नहीं होगा। इसलिए सभी पात्र मतदाता बिना विलंब अपने भरे हुए प्रपत्र संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने सभी बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) से भी इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम स्तर पर खुली बैठकों का आयोजन कर गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को एसआईआर कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा प्रतिदिन सायंकाल तक प्रगति रिपोर्ट नियंत्रण कक्ष एवं निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी ने जनमानस से भी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी नागरिकों के सहयोग से ही जनपद में शत-प्रतिशत शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सकेगी।

बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री देवेंद्र अधिकारी, डीडीएमओ श्री देवेंद्र पटवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।