चम्पावत 12 दिसंबर, 2025
*सड़क दुर्घटनाएँ रोकने की पहल — एआरटीओ प्रवर्तन ने किया संयुक्त चेकिंग और जागरूकता कार्यक्रम*
एआरटीओ प्रवर्तन श्री मनोज बगोरिया के नेतृत्व में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने एवं लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु व्यापक सड़क सुरक्षा अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत टनकपुर क्षेत्र के आमबाग में स्कूली बच्चों एवं शिक्षकों के साथ एक रोचक एवं उपयोगी सड़क सुरक्षा जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में बच्चों को सड़क पार करने के नियम, हेलमेट और सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग, गति नियंत्रण तथा आपातकालीन स्थिति में अपनाए जाने वाले आवश्यक उपायों के बारे में सरल और प्रभावी ढंग से जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में विशेष रूप से स्थापित रोड सेफ्टी कॉर्नर ने जागरूकता को इंटरैक्टिव और बच्चों के लिए सहज बना दिया, जहाँ उन्हें विभिन्न ट्रैफिक संकेतों और नियमों को समझाया गया।
विद्यालय के साथ साथ यात्रियों को भी सड़क सुरक्षा हेतु जागरूक किया गया। वाहनों में लगे पैनिक बटन की जानकारी देने के उद्देश्य से संबंधित स्टिकर चिपकाए गए और यात्रियों को इन बटनों के आपातकालीन उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। यात्रियों को समझाया गया कि किसी भी संकट या खतरे की स्थिति में पैनिक बटन उनकी सुरक्षा का महत्वपूर्ण साधन है।
अभियान के दौरान एआरटीओ प्रवर्तन टीम ने एआरएम टनकपुर के साथ संयुक्त रूप से वाहनों की जांच भी की। इस दौरान ओवरलोडिंग, दस्तावेजों की अनुपालन स्थिति, यात्री सुरक्षा मानकों तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित बिंदुओं की गहन जांच की गई। उल्लंघन पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की गई और चालक – परिचालकों को नियमों के पालन हेतु जागरूक किया गया।
एआरटीओ प्रवर्तन श्री मनोज बगोरिया ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। बच्चों, शिक्षकों, यात्रियों और वाहन चालकों को निरंतर जागरूक करना ही दुर्घटनाओं में कमी लाने का सबसे प्रभावी तरीका है।




