जनपद चम्पावत में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य ने पकड़ी रफ्तार; 7 जुलाई तक पूरा होगा फॉर्म वितरण का पहला चरण।

Spread the love

चंपावत 15 जून 2026

*जनपद चम्पावत में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य ने पकड़ी रफ्तार; 7 जुलाई तक पूरा होगा फॉर्म वितरण का पहला चरण*

*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गणना फॉर्म के वितरण, कलेक्शन और डिजिटलाइजेशन हेतु विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित*

*तहसील पूर्णागिरि, लोहाघाट, चम्पावत, पाटी और बाराकोट में विशेष कार्यशालाएं शुरू; प्रवासियों के लिए ऑनलाइन ‘बुक अ कॉल’ सुविधा से घर बैठे दर्ज होगा नाम*

भारतीय निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में तथा जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार के आदेशों के क्रम में जनपद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य को गति प्रदान की जा रही है।

इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में पूर्णागिरी तहसील सभागार में गणना फॉर्म के डिजिटाइजेशन हेतु एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण/ कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस कार्यशाला में बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO), सुपरवाइजर्स, सेक्टर मजिस्ट्रेट्स, पदाभिहित अधिकारियों तथा एईआरओ (AERO) को डिजिटाइजेशन प्रक्रिया का विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। *जनपद में कुल 5 स्थानों, जिनमें पूर्णागिरि, लोहाघाट, चम्पावत, पाटी तथा बाराकोट शामिल हैं, पर इस विशेष डिजिटलाइजेशन प्रशिक्षण वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है।* इन वर्कशॉप्स में उपस्थित स्टाफ को पूरी प्रक्रिया तकनीकी बारीकियों के साथ विस्तार से समझाई गई।

*कार्यशाला के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण के गणना फॉर्म के डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा करते हुए इसे पूरी गति और उच्च शुद्धता के साथ तय समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।*

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और बीएलओ को निर्देशित करते हुए कहा कि गणना प्रपत्रों की फीडिंग का कार्य अत्यंत शुद्धता के साथ किया जाए और किसी भी प्रकार का संदेह होने पर तुरंत अपने उच्चाधिकारी से संपर्क कर मार्गदर्शन लें।

उन्होंने डिजिटलाइजेशन की रफ्तार बढ़ाने पर जोर देते हुए यह भी कहा कि कर्मचारी अनावश्यक मानसिक दबाव न लें और कार्य के बीच-बीच में ब्रेक लेते रहें।

कार्य को सुचारू रूप से निपटाने के लिए प्रतिदिन लगभग 100 एन्यूमरेशन फॉर्म डिजिटाइज करने का व्यावहारिक लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में इस विशेष प्रक्रिया के प्रथम चरण के अंतर्गत बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर इन्यूमिरेशन (गणना) फॉर्म्स का वितरण एवं कलेक्शन किया जा रहा है। प्रारंभिक 10 दिनों के भीतर इस वितरण कार्य को शत-प्रतिशत पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, जिसके सापेक्ष अब तक अधिकांश गणना फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं तथा अवशिष्ट कार्य को भी 7 जुलाई तक पूर्ण कर लिया जाएगा।

इसके साथ ही, जनता से अब तक प्राप्त हो चुके गणना फॉर्मों का डिजिटलाइजेशन कार्य भी सफलतापूर्वक संपन्न किया जा रहा है।

प्रशासन द्वारा इस संपूर्ण पुनरीक्षण प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, त्रुटिहीन और सुगम बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। आगामी चरण के तहत सभी क्षेत्रों से फॉर्म प्राप्त कर उनके त्वरित डिजिटलाइजेशन की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, जिसके उपरांत नियमानुसार मतदाता सूची (Electoral Roll) का प्रकाशन करते हुए उस पर दावे व आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी।

यह संपूर्ण पुनरीक्षण अभियान आगामी सितंबर माह तक संचालित रहेगा। इस वृहद कार्य को कुशलतापूर्वक और तकनीकी रूप से सुदृढ़ ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से ही जनपद की समस्त तहसीलों में डिजिटलाइजेशन से संबद्ध आवश्यक प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।

इसके अतिरिक्त, इस बार आम जनता तथा प्रवासियों की सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा एक विशेष ऑनलाइन व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। यदि कोई नागरिक किसी अपरिहार्य कारणवश अपने मूल निवास स्थान या जनपद में उपस्थित नहीं है, तो वह ‘बुक अ कॉल’ (Book a Call) माध्यम का उपयोग कर सकता है।

इस डिजिटल सुविधा के माध्यम से प्रवासी या बाह्य क्षेत्रों में रह रहे नागरिक ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी आवश्यक प्रविष्टियां व विवरण दर्ज कर इन्यूमिरेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं और मतदाता सूची में अपना नाम सम्मिलित करवा सकते हैं।

जिलाधिकारी ने सम्मानित जनता और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए बढ़-चढ़कर भाग लें तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने हेतु बीएलओ व प्रशासनिक टीम को अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, नोडल अधिकारी, तहसीलदार पूर्णागिरी पिंकी आर्या, मास्टर ट्रेनर जीवन कलौनी सहित समस्त बूथ लेवल ऑफिसर, सुपरवाइजर, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।