मानसून से पहले सड़कों को सुरक्षित बनाने की कवायद तेज, जिलाधिकारी के निर्देशानुसार झाड़ी कटान एवं नाली सफाई अभियान जारी।

Spread the love

चम्पावत 05 जून, 2026

*मानसून से पहले सड़कों को सुरक्षित बनाने की कवायद तेज, जिलाधिकारी के निर्देशानुसार झाड़ी कटान एवं नाली सफाई अभियान जारी*

*जलभराव और मार्ग अवरोध रोकने को जनपदभर में नाली सफाई अभियान तेज, जिलाधिकारी ने दिए निर्देश*

मानसून सीजन के दृष्टिगत जनपद चम्पावत में सड़क मार्गों को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने हेतु जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार जनपद मे सभी सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण एजेंसियों द्वारा युद्धस्तर पर झाड़ी कटान, नाली सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था सुधारने का कार्य किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को निर्देशित किया है कि मानसून प्रारंभ होने से पूर्व सभी मोटर मार्गों पर झाड़ी कटान एवं नालियों की सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया जाए, जिससे वर्षाकाल में जलभराव, मलबा जमा होने तथा मार्ग अवरुद्ध होने जैसी स्थितियों से बचा जा सके तथा बरसात का पानी सुचारु रूप से नालियों के माध्यम से निकासी हो सके।

इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित विभिन्न एजेंसियों द्वारा अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।

अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि एनएच-09 के बेलखेत से मुड़ियानी सेक्शन में ड्रेन क्लियरेंस एवं झाड़ी कटान का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्थानों पर नालियों की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है ताकि मानसून के दौरान मार्ग सुरक्षित बना रहे।

अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग लोहाघाट ने बताया कि विभागीय अंतर्गत आने वाले सभी मोटर मार्गों पर नाली सफाई एवं झाड़ी कटान का कार्य लगातार जारी है। विभाग द्वारा एसएच-10 खेतीखान मार्ग, कोलीडेक, एसडीएम रोड मोटर मार्ग, आंतरिक संपर्क मार्गों पर ड्रेन क्लियरेंस का कार्य कराया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त मुड़यानी, बेलखेत, धौन, थुवामोनी, बासबसवाड़ी, चमदेवल, बस्तियां, आठवें मील मोटर मार्ग पर भी अभियान चलाकर नालियों की सफाई एवं झाड़ियों का कटान किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चम्पावत के अधिशासी अभियंता ने जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न ग्रामीण सड़कों पर झाड़ी कटान एवं ड्रेन क्लीनिंग का कार्य युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मानसून के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

जिलाधिकारी द्वारा सभी सड़क निर्माण एजेंसियों एवं संबंधितों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं ताकि वर्षा ऋतु में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

साथ ही उन्होंने कहा कि जनपद में मानसून के दौरान सड़क मार्ग बाधित न हों तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा नियमित निरीक्षण कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Jaya punetha editor in chief ।