बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही! घरों के सामने झुका पोल, हवा में लटकते तार दे रहे हादसे को न्योता।

Spread the love

बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही! घरों के सामने झुका पोल, हवा में लटकते तार दे रहे हादसे को न्योता।

मीटर शिफ्टिंग के दौरान झुका विद्युत पोल, कर्मचारियों की मौजूदगी में भी नहीं हुई सुधारात्मक कार्रवाई; स्थानीय लोगों में रोष

लोहाघाट। बाडीगाड़ क्षेत्र में विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। क्षेत्र में इन दिनों मीटर शिफ्टिंग का कार्य चल रहा है, लेकिन इसी दौरान एक विद्युत पोल झुक जाने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। घरों के ठीक सामने झुका हुआ पोल और जमीन से महज कुछ फीट ऊपर लहराते बिजली के तार किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।

स्थानीय निवासी चन्द्रशेखर जोशी ने बताया कि जब विद्युत विभाग के कर्मचारी पोल पर लगे मीटर बॉक्स से मीटर निकाल रहे थे, उसी दौरान बिजली का पोल अचानक झुक गया। हैरानी की बात यह है कि उस समय विभागीय कर्मचारी मौके पर मौजूद थे, लेकिन पोल को सीधा करने या सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई दिनों से पोल इसी स्थिति में खड़ा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी खतरनाक हो गई है। यदि तेज हवा या बारिश के कारण पोल पूरी तरह गिर जाता है तो आसपास के घरों और राहगीरों की जान जोखिम में पड़ सकती है। लोगों ने विद्युत विभाग से तत्काल पोल को सुरक्षित करने और क्षेत्र में संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि किसी बड़ी अनहोनी के बाद जागने के बजाय विभाग को समय रहते जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

Jaya punetha editor in chief ।