ककराली गेट पर लगेंगे एएनपीआर कैमरे, ओवरस्पीडिंग वाहनों के होंगे ऑनलाइन चालान।

Spread the love

चम्पावत 14 मई 2026

*ककराली गेट पर लगेंगे एएनपीआर कैमरे, ओवरस्पीडिंग वाहनों के होंगे ऑनलाइन चालान*

*सड़क सुरक्षा एवं मानसून तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश*

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न सड़क निर्माण एजेंसियों एवं विभागीय अधिकारियों को सड़क सुरक्षा, मरम्मत कार्यों तथा मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन संबंधी तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने टनकपुर एवं बनबसा क्षेत्र में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अंतर्गत आने वाली सड़कों की खराब स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सड़क के गड्ढे भरने तथा 25 दिनों के भीतर ओवरले कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही नालियों की सफाई, आवश्यक स्थानों पर कवर लगाने तथा सड़क किनारे झाड़ियों के कटान के उपरांत कार्यों का निरीक्षण उपजिलाधिकारी को कराने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने समस्त सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि मानसून अवधि के दौरान अपनी-अपनी सड़कों पर पर्याप्त संख्या में जेसीबी, पोकलेन एवं डंपर मशीनें तैनात रखें, ताकि भूस्खलन अथवा मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में लोक निर्माण विभाग लोहाघाट को पंचेश्वर सड़क कार्य शीघ्र पूर्ण करने, लोक निर्माण विभाग चम्पावत को मंच सड़क पर आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने तथा पीएमजीएसवाई चम्पावत को कर्णकरायत-सुई सड़क निर्माण कार्य 15 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने एआरटीओ को जनपद की समस्त सड़कों का सुरक्षा ऑडिट कर संबंधित सड़क एजेंसियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सड़क एजेंसियों को मानसून के दौरान विभाग द्वारा तैनात की जाने वाली जेसीबी एवं अन्य मशीनों की जानकारी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि ककराली गेट के पास शीघ्र ही स्वचालित नंबर प्लेट पहचान (एएनपीआर) कैमरे स्थापित किए जाएंगे। इन कैमरों के माध्यम से ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों की पहचान कर ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की जाएगी, जिससे सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

उन्होंने सड़क किनारे रखी निर्माण सामग्री को तत्काल हटाने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ती है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, मुख्य चिकित्साधिकारी Dr. देवेश चौहान, अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, एम.सी. पलड़िया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।