चम्पावत 13 जून 2026
*मानसून 2026: आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन अलर्ट, प्रत्येक तहसील में गठित होंगे त्वरित कार्यवाही दल (QRT)*
*जिलाधिकारी के निर्देश पर मानसून अवधि में राहत, बचाव एवं पुनर्वास कार्यों की तैयारियां तेज*
आगामी मानसून अवधि के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने, राहत एवं बचाव कार्यों के त्वरित संचालन तथा प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र पुनर्वास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, चम्पावत द्वारा जनपद की सभी तहसीलों में पृथक-पृथक त्वरित कार्यवाही दल (Quick Response Team-QRT) गठित किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्य सचिव, उत्तराखण्ड की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक एवं उत्तराखण्ड शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में सभी उपजिलाधिकारियों को 15 जून 2026 तक तहसील स्तर पर क्यूआरटी गठित कर उनकी विस्तृत सूचना उपलब्ध कराने को कहा गया है।
क्यूआरटी के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के दल गठित किए जाएंगे, जिनमें राहत एवं बचाव दल (Search & Rescue Team), राहत वितरण, पुनर्प्राप्ति एवं पुनर्निर्माण दल तथा जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण दल (Public Awareness Team) शामिल होंगे।
राहत एवं बचाव दल में एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन विभाग, जल पुलिस, सेना, आपदा मित्र, मास्टर ट्रेनर, एनसीसी, एनएसएस, मेरा युवा भारत, भारत स्काउट एवं गाइड, आपदा सखी, भूतपूर्व सैनिक तथा अन्य प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को शामिल किया जाएगा। वहीं राहत वितरण एवं पुनर्निर्माण से जुड़े दलों में राजस्व, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, पंचायत, नगर निकाय, लोक निर्माण, सिंचाई, जल संस्थान, विद्युत, ग्रामीण विकास एवं अन्य संबंधित विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त जनजागरूकता एवं पूर्व चेतावनी संदेशों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए गठित दलों में पुलिस, राजस्व, सूचना, शिक्षा, ग्राम्य विकास, पंचायती राज विभाग तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों और युवा समूहों को शामिल किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा निर्देशित किया गया है कि प्रत्येक क्यूआरटी दल की प्रत्येक माह कम से कम दो बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएं तथा उनकी कार्यवाही का विधिवत अभिलेखीकरण किया जाए। साथ ही मानसून अवधि जून से सितम्बर तक प्रत्येक माह की 01, 11 एवं 21 तारीख को तहसील स्तरीय कोर ग्रुप की ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन बैठक आयोजित कर क्षेत्र में आपदा की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति, राहत वितरण, पुनर्प्राप्ति एवं पुनर्निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा है कि मानसून के दौरान किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहानि एवं संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम रखने के लिए पूरी तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को समयबद्ध रूप से क्यूआरटी का गठन कर नोडल अधिकारियों के नाम एवं संपर्क विवरण सहित अनुपालन आख्या जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
Jaya punetha editor in chief ।




