चंपावत ब्लॉक में SVEP के तहत 5 दिवसीय सघन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न: ग्रामीण उद्यमिता को मिलेगी नई उड़ान*।

Spread the love

चम्पावत 27 सितंबर 2025

*चंपावत ब्लॉक में SVEP के तहत 5 दिवसीय सघन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न: ग्रामीण उद्यमिता को मिलेगी नई उड़ान*

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित स्टार्टअप विलेज एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम (SVEP) के तहत चंपावत विकासखंड में आयोजित पाँच दिवसीय सघन प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना और महिलाओं के लिए स्थायी आजीविका के साधन विकसित करना रहा।

भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान, अहमदाबाद के विशेषज्ञ श्री महेंद्र कुमार शर्मा द्वारा संचालित इस प्रशिक्षण में ब्लॉक की 30 सामुदायिक संसाधन महिलाएँ (CRP-eps) शामिल हुईं। प्रशिक्षण के दौरान इन्हें विस्तृत बेसलाइन सर्वेक्षण तैयार करने, गांव-गांव में संभावित उद्यमियों की पहचान करने, समुदाय के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने तथा SVEP योजना के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने संबंधी तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल प्रदान किए गए।

अब प्रशिक्षित CRPs चंपावत ब्लॉक के विभिन्न गांवों में जाकर ऑनलाइन ऐप के माध्यम से सर्वेक्षण कार्य करेंगी और ग्रामीण स्तर पर उद्यमिता विकास की ठोस रणनीति तैयार करेंगी।

यह पहल न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहायक होगी बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगी। SVEP योजना का यह सघन प्रशिक्षण ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम सिद्ध होगा।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर खंड विकास अधिकारी श्री अशोक सिंह अधिकारी ने सभी प्रशिक्षित महिलाओं को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Jaya punetha editor in chief ।