चम्पावत,
*मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बाढ़ सुरक्षा कार्यों को मिल रही गति, जिलाधिकारी ने बूम व गैंडाखाली में किया स्थलीय निरीक्षण*
*टनकपुर में बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं की प्रगति का जिलाधिकारी ने लिया जायजा, गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया जोर*
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और संवेदनशील दिशा-निर्देशों में जनपद चम्पावत के आपदा संवेदनशील एवं मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि स्थानीय नागरिकों की जान-माल और उपजाऊ भूमि को कटाव व जलभराव से सुरक्षित किया जा सके।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 243/2022 के क्रम में चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शारदा नदी के दाएं तट (तटबंध) पर बूम से टनकपुर तक बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य स्वीकृत किए गए हैं। कुल ₹6020.97 लाख की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत शारदा नदी के दाएं तट पर बूम एवं उंचोलीगोठ में बाढ़ सुरक्षा कार्य (पार्ट-3), दाएं तट पर स्थित बसनीगोठ, सुवागोठ एवं गैंडाखाली नंबर-3 की सुरक्षा हेतु बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य (पार्ट-4) तथा दाएं तट पर स्थित 28 हेक्टेयर क्षेत्र एवं चिलियाघोल की सुरक्षा के लिए बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य (पार्ट-5) सम्मिलित हैं।
इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने सोमवार को जनपद के मैदानी क्षेत्र टनकपुर में चल रहे बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों का गहन स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूम एवं गैंडाखाली क्षेत्र में 28 हेक्टेयर से अधिक भू-भाग को कटाव से बचाने के लिए किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता श्री रघुवर दत्त भट्ट ने जिलाधिकारी को परियोजना की प्रगति और तकनीकी पहलुओं से अवगत कराते हुए बताया कि शारदा नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए तटबंधों के सुदृढ़ीकरण, वायर क्रेट और प्रोटेक्शन वॉल का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है, ताकि आगामी मानसून से पहले संवेदनशील क्षेत्रों को पूरी तरह सुरक्षित किया जा सके।
कार्य की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा स्थानीय आबादी और कृषि भूमि की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Jaya punetha editor in chief.




