चम्पावत,
*मा. मुख्यमंत्री के दिशा निर्देशों के तहत आदर्श चम्पावत की दिशा में पहल, नायक गोठ में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू*
*जिलाधिकारी की मौजूदगी में आंगनबाड़ी केंद्र से हुई शुरुआत, ग्राम पंचायत में लगेंगी 22 सोलर स्ट्रीट लाइटें*
*सौर रोशनी से शाम के समय आवाजाही होगी सुगम, ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने मा.मुख्यमंत्री का जताया आभार*
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों और जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत नायक गोठ में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू किया गया। शनिवार को जिलाधिकारी की उपस्थिति में हनुमानगढ़ी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 3 से इस कार्य का शुभारंभ हुआ। ग्राम पंचायत में रोशनी की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए यह कार्य सीएसआर मद से कराया जा रहा है।
उत्तराखण्ड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) के परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार बजेठा ने बताया कि ग्राम पंचायत नायक गोठ में कुल 22 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। ये लाइटें दिन में सौर ऊर्जा से चार्ज होंगी और शाम के बाद रोशनी देंगी। इससे जिन स्थानों पर लाइटें लगाई जाएंगी, वहां ग्रामीणों को अंधेरा होने के बाद पैदल आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
‘आदर्श चम्पावत’ की परिकल्पना के अनुरूप यह पहल ग्राम पंचायत में रोजमर्रा की सुविधाएं बेहतर बनाने की दिशा में एक कदम है। सोलर स्ट्रीट लाइटों से गांव में प्रकाश व्यवस्था के लिए सौर ऊर्जा का उपयोग बढ़ेगा और शाम के समय घर लौटने वाले ग्रामीणों को सहूलियत होगी।
ग्राम पंचायत नायक गोठ की प्रधान कंचन देवी और स्थानीय ग्रामीणों ने सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने गांव में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने की इस पहल के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, तहसीलदार पिंकी आर्या, अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief.




