चम्पावत,
*आपदा सुरक्षा कार्यों की प्रतिदिन होगी समीक्षा, गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने के जिलाधिकारी ने दिए निर्देश*
*पूर्ण कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएं विभाग, मुख्यमंत्री घोषणाओं और जिला योजना के कार्यों को शीघ्र पूर्ण किये जाने के दिये निर्देश*
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ के संकल्प के अनुरूप जनपद में आपदा सुरक्षा से जुड़े कार्यों को गति देने के लिए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से विभागीय अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं की बैठक ली। उन्होंने स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण की गुणवत्ता, समयसीमा और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा सुरक्षा से जुड़े निर्माण और सुरक्षात्मक कार्य आमजन की सुरक्षा तथा स्थानीय सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए महत्वपूर्ण हैं।
बैठक में राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ), जिलाधिकारी मद (नॉन एसडीआरएफ) और राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने द्वितीय किस्त जारी करने के लिए आवश्यक अभिलेख और प्रगति आख्या समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि धनराशि जारी करने की प्रक्रिया नियमानुसार आगे बढ़ सके। उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र भी समय से उपलब्ध कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां काम की गति धीमी है, वहां संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्था आपसी समन्वय से बाधाओं का समाधान करें। सभी कार्यदायी संस्थाएं तय मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करें।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक कार्यस्थल पर ऐसा सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, जिस पर कार्य का विवरण स्पष्ट रूप से दर्ज हो। इससे स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में हो रहे निर्माण की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता परखने के लिए थर्ड पार्टी जांच कराने के भी निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने माननीय मुख्यमंत्री की घोषणाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने जिला योजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों में भी तेजी लाने को कहा, ताकि जनपदवासियों को इनका लाभ समय से मिल सके।
बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, सभी खंड विकास अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
Jaya punetha editor in chief.




