मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में टनकपुर-बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल*

चम्पावत,

 

*मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में टनकपुर-बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल*

 

*मा.मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत 9.94 करोड़ रूपये की लागत से 59 आंतरिक मार्गों के निर्माण हेतु धनराशि स्वीकृत, ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन होगा सुगम*

 

मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद चम्पावत के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क एवं आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत टनकपुर-बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किलोमीटर आंतरिक मार्गों के निर्माण की योजना को आगे बढ़ाते हुए शासन द्वारा 59 आंतरिक मार्गों के निर्माण हेतु धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। इस महत्वपूर्ण पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही स्थानीय निवासियों को बेहतर सड़क संपर्क का लाभ मिलेगा।

 

क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं एवं जनहित को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत 994.17 लाख रूपये (9 करोड़ 94 लाख 17 हजार रूपये) की लागत से 59 आंतरिक मार्गों के निर्माण हेतु शासन द्वारा धनराशि की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस स्वीकृति से टनकपुर-बनबसा के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

 

स्वीकृत 59 कार्यों में टनकपुर-बनबसा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुदमी, देवीपुरा, पंचपकरिया, बमनपुरी, भजनपुर, चंदनी, छिनीगोठ, मोहनपुर, बस्तिया, बनबसा, मनिहारगोठ, ज्ञानखेड़ा, नायकगोठ, टनकपुर एवं आमबाग सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों के आंतरिक संपर्क मार्ग सम्मिलित हैं। इन क्षेत्रों में मुख्य सड़कों से आवासीय बस्तियों, सार्वजनिक स्थलों एवं विभिन्न मोहल्लों तक इंटरलॉकिंग मार्गों का निर्माण किया जाएगा।

 

योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत गुदमी में पांच आंतरिक मार्गों के साथ ही देवीपुरा में एसएसबी कैंप एवं कैनाल रोड से जुड़े संपर्क मार्गों, पंचपकरिया में मुख्य सड़क से विभिन्न आवासीय क्षेत्रों तक मार्गों तथा बमनपुरी एवं भजनपुर में आंतरिक मार्गों का निर्माण किया जाएगा। इसी प्रकार चंदनी, छिनीगोठ, मोहनपुर, बस्तिया एवं बनबसा में विभिन्न संपर्क मार्गों के निर्माण से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

 

इसके अतिरिक्त मनिहारगोठ, ज्ञानखेड़ा, नायकगोठ, टनकपुर एवं आमबाग क्षेत्र में भी विभिन्न आंतरिक मार्गों के निर्माण को स्वीकृत कार्यों में सम्मिलित किया गया है। इन मार्गों के निर्माण से मुख्य सड़कों और ग्रामीण बस्तियों के बीच संपर्क बेहतर होगा। विशेष रूप से बरसात के मौसम में आवागमन संबंधी परेशानियों को कम करने तथा स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

 

मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर विकास का लाभ अंतिम छोर पर निवास करने वाले व्यक्ति तक पहुंचाने को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क संपर्क के सुदृढ़ होने से स्थानीय व्यापार, कृषि गतिविधियों, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को भी बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

 

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि मा.मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। टनकपुर-बनबसा क्षेत्र के आंतरिक मार्गों के निर्माण हेतु धनराशि स्वीकृत होने के उपरांत संबंधित अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों की आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

 

जिला प्रशासन का प्रयास है कि स्वीकृत विकास कार्यों का लाभ शीघ्र ग्रामीण जनता तक पहुंचे तथा जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क एवं मूलभूत सुविधाओं को निरंतर सुदृढ़ किया जा सके।

Jaya punetha editor in chief.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement