चम्पावत 07 मई, 2026
*नर्सिंग क्षेत्र के युवाओं के लिए जर्मनी में रोजगार का सुनहरा अवसर, युवाओं से योजना का लाभ उठाने की अपील की*
जनपद के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जानकारी दी कि कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग, उत्तराखण्ड के अंतर्गत विदेश रोजगार प्रकोष्ठ, देहरादून द्वारा “मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना” संचालित की जा रही है।
योजना के तहत बी.एससी नर्सिंग (B.Sc Nursing) एवं जी.एन.एम. (GNM) प्रशिक्षित युवक एवं युवतियों को जर्मनी में ‘पंजीकृत नर्स’ तथा ‘सहायक नर्स’ के रूप में कार्य करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य राज्य के प्रशिक्षित युवाओं को वैश्विक रोजगार बाजार से जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक एवं व्यावसायिक रूप से सशक्त बनाना है। योजना के अंतर्गत 21 से 35 वर्ष आयु वर्ग के योग्य अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को जर्मन भाषा का प्रशिक्षण, हवाई टिकट एवं वीजा सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थियों को केवल 30 हजार रुपये की जमानत राशि जमा करनी होगी, जो जर्मनी की बी-2 (B2) स्तर की भाषा परीक्षा उत्तीर्ण करने के उपरांत पूर्णतः वापस कर दी जाएगी।
जर्मनी में चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह लगभग 2.50 लाख से 3 लाख रुपये तक का आकर्षक वेतन प्राप्त होगा। इसके अतिरिक्त प्रशिक्षण अवधि के दौरान आवास एवं भोजन की निःशुल्क व्यवस्था भी की जाएगी।
वहीं, यदि अभ्यर्थी स्वयं व्यवस्था करना चाहते हैं तो 80 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विदेश रोजगार प्रकोष्ठ द्वारा 220 रुपये प्रतिदिन की दर से सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपद के पात्र एवं प्रशिक्षित युवाओं से इस योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी प्रदेश के किसी भी सेवायोजन कार्यालय, क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय अथवा उप निदेशक कार्यालय, परेड ग्राउंड, देहरादून में संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी यूकेएसडीएस (UKSDS) की आधिकारिक वेबसाइट UKSDS पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय हेल्पलाइन नंबर 18008902414 पर भी प्राप्त की जा सकती है। इसके अतिरिक्त विभाग द्वारा जारी क्यूआर कोड को स्कैन कर व्हाट्सएप समूह से जुड़कर भी अद्यतन जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
Jaya punetha editor in chief ।



