चंपावत 11 फरवरी 2026
*लोहाघाट में 12 फरवरी को सजेगा ‘किसान दिवस’ — किसानों की समस्याओं का होगा मौके पर समाधान*
राज्य सरकार की पहल पर कृषकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के द्वितीय बृहस्पतिवार को विकासखंड स्तर पर ‘किसान दिवस’ आयोजित किया जा रहा है।
इसी क्रम में 12 फरवरी 2026 (गुरुवार) को विकासखंड लोहाघाट मुख्यालय में किसान दिवस कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार करेंगे।
मुख्य कृषि अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष दिवस का उद्देश्य किसानों की विभिन्न समस्याओं और मुद्दों का मौके पर ही निराकरण करना है। साथ ही कृषकों को आधुनिक, तकनीकी एवं वैज्ञानिक खेती की जानकारी देकर उन्हें अधिक सक्षम और जागरूक बनाना भी कार्यक्रम का प्रमुख लक्ष्य है, जिससे वे अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
*कार्यक्रम विवरण*
दिनांक: 12 फरवरी 2026 (गुरुवार)
समय: प्रातः 11:00 बजे से
स्थान: विकासखण्ड मुख्यालय, लोहाघाट
किसान दिवस ऐसा सशक्त मंच है जहाँ काश्तकार सीधे प्रशासन एवं विभागीय अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएँ रख सकते हैं तथा विभिन्न योजनाओं, अनुदानों और तकनीकी मार्गदर्शन का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। कृषि विभाग द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं कि दूरस्थ और सुदूरवर्ती क्षेत्रों के किसान भी इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी कृषि संबंधी कठिनाइयों का समाधान पा सकें।
मुख्य कृषि अधिकारी ने जनपद के सभी कृषक बंधुओं तथा माननीय जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।




