30 मई तिलाड़ी दिवस,रंवाई के पुरखों के बलिदान को किया नमन ।

राजशाही से अपने हक हकूक और जनाधिकार आंदोलन के अमर शहीदों की स्मृति में शनिवार को उत्तरकाशी जिले के बड़कोट स्थित तिलाड़ी शहीद स्थल पर शहीद दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर डीएम प्रशांत आर्य एवं विधायक संजय डोभाल ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपने हक-हकूकों की लड़ाई में प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को नमन किया।

नगर पालिका बड़कोट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शहीदों के परिजनों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि तिलाड़ी कांड उत्तराखंड के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है जिसने जनाधिकारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई को नई दिशा दी। डीएम ने कहा कि किसी भी घटना या विवाद को रोकने के लिए संवाद सबसे जरूरी माध्यम है। पूर्व में चाहे राजा-प्रजा का दौर रहा हो या वर्तमान में सरकार और जनता का समय हो किसी भी समस्या के समाधान के लिए आपसी बातचीत बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि संवाद कभी भी टूटना नहीं चाहिए,क्योंकि संवाद की कमी और आपसी तालमेल के अभाव से ही जनांदोलन खड़े होते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि तिलाड़ी का इतिहास हमारे पुरखों के अदम्य साहस,त्याग और बलिदान का प्रतीक है। अपने जंगलात के अधिकारों की रक्षा के लिए जिस तरह यहां के लोगों ने क्रूर शाही हुकूमत के खिलाफ लोहा लिया वह इतिहास के सुनहरे अक्षरों में दर्ज है। यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल ने कहा कि तिलाड़ी कांड के शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। देश और प्रदेश के विकास में रंवाई क्षेत्र का ऐतिहासिक योगदान रहा है। नई पीढ़ी को अपने इन महान शहीदों के संघर्षों से प्रेरणा लेनी चाहिए। हमारी कोशिश होगी कि इस ऐतिहासिक स्थल की गरिमा के अनुरूप यहां मूलभूत सुविधाओं और पर्यटन की दृष्टि से और बेहतर कार्य किए जाएं।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष ओबीसी आयोग श्याम डोभाल,नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा,नारायण सिंह राणा,कपिल देव रावत,अजबीन पंवार, मुकेश टम्टा,तहसीलदार रीनू सैनी,ईओ उमेश सुयाल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement