चम्पावत 29 अक्टूबर 2025
*मतदाता जागरूकता के लिए डाइट लोहाघाट में हुआ कार्यक्रम — ईज़ी रजिस्ट्रेशन, ईज़ी कलेक्शन थीम पर युवाओं को किया गया प्रेरित*
सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (SVEEP) अभियान के अंतर्गत अक्टूबर माह की थीम “ईज़ी रजिस्ट्रेशन, ईज़ी कलेक्शन” पर बुधवार को डाइट लोहाघाट में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार, जनपद में नए मतदाताओं के पंजीकरण की कार्यवाही गतिमान है। इसी क्रम में डाइट लोहाघाट में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान स्वीप के सहायक नोडल अधिकारी श्री जीवन कलौनी ने उपस्थित प्रतिभागियों को नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया एवं उसके महत्व की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार जिन युवाओं की आयु 01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर 2025 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वे फॉर्म-06 भरकर ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से अपने मतदान केंद्र के संबंधित बी.एल.ओ. के पास आवेदन कर सकते हैं।
श्री कलौनी ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए शुद्ध निर्वाचक नामावली का होना अत्यंत आवश्यक है। कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए, इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में निर्वाचक साक्षरता क्लब का गठन किया गया है, जो ऐसे युवाओं की जानकारी संबंधित बी.एल.ओ. को उपलब्ध कराने का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में वोटर हेल्पलाइन ऐप और वोटर्स सर्विस पोर्टल के माध्यम से नाम पंजीकरण, संशोधन और सुधार प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर डाइट के प्रभारी प्राचार्य डॉ. आशुतोष वर्मा, डॉ. अनिल मिश्रा, डॉ. कमल गहतोड़ी सहित जनपद के विभिन्न माध्यमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के अध्यापकगण उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।




