मानेश्वर समाचार ।
08 जुलाई 2025
*पशुपालकों को मिली स्वास्थ्य सेवाएं और योजनाओं की जानकारी: झालाकुड़ी में पशु चिकित्सा शिविर*
*पशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, योजनाओं की जानकारी और स्वरोजगार के अवसरों से लाभान्वित हुए ग्रामीण पशुपालक*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में पशुपालन विभाग द्वारा ग्राम सभा झालाकुड़ी में एक दिवसीय पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के पशुपालकों को समुचित पशु चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना तथा उन्हें पशुपालन से जुड़ी विभागीय योजनाओं की जानकारी देना रहा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ वसुंधरा गर्ब्याल ने बताया कि आयोजित शिविर में पशुओं की स्वास्थ्य जांच, रोगों की पहचान, आवश्यक टीकाकरण, औषधि वितरण एवं पोषण संबंधी सलाह प्रदान की गई, जिससे पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति ग्रामीणों की जागरूकता में वृद्धि हुई।
शिविर में Equine Influenza जैसी संक्रामक बीमारियों के लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में भी विशेष जानकारी दी गई, जिससे क्षेत्र के घोड़े, खच्चर जैसे पालतू जन्तुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। पशुपालन विभाग की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी एवं स्वरोजगार परक योजनाएं जैसे – एसएलएम (समेकित पशुधन विकास), किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), गौपालन, बकरी पालन, पशुधन बीमा योजना, ग्राम्य गौ सेवक योजना आदि की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई, साथ ही पात्र पशुपालकों से योजनाओं के लिए आवेदन भी आमंत्रित किए गए।
शिविर के दौरान पशुपालकों को यह भी बताया गया कि किस प्रकार पशुपालन को स्वरोजगार और आयवर्धन के सशक्त माध्यम के रूप में अपनाया जा सकता है। ग्रामीणों ने न केवल पशुओं की जांच कराई, बल्कि योजनाओं से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान कर लाभ उठाने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाया।
इस शिविर में 25 से अधिक पशुपालकों ने भाग लेकर सेवाओं का लाभ उठाया। विभाग की ओर से डॉ. प्रीति बिष्ट (पशु चिकित्सा अधिकारी, चल्थी), श्रीमती निशा ओली (पशुधन प्रसार अधिकारी) एवं दीपा बिष्ट (ए-हेल्प कार्यकर्ता) उपस्थित रहीं, जिन्होंने पूरी तत्परता से पशुपालकों को सेवा एवं परामर्श प्रदान किया।
Jaya punetha editor in chief ।



