मानेश्वर समाचार।
08 जुलाई 2025
*आईटीबीपी और पशुपालन विभाग के मध्य समझौते के तहत स्थानीय पशुपालकों द्वारा 597 किलोग्राम जीवित बकरियों की आपूर्ति*
*स्वरोजगार और स्थानीय पशुपालन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल*
जनपद में पशुपालन विभाग एवं इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (ITBP) के मध्य हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत आईटीबीपी की 36वीं बटालियन, लोहाघाट को स्थानीय पशुपालकों द्वारा 597 किलोग्राम जीवित बकरियों की सफल आपूर्ति की गई। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ वसुंधरा गर्ब्याल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आपूर्ति विभागीय समन्वय और पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूर्ण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता मानकों के अंतर्गत संपन्न कराई गई।
यह पहल पशुपालन विभाग द्वारा ग्रामीण पशुपालकों को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने एवं स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे एक ओर जहाँ आईटीबीपी को ताजे व गुणवत्तापूर्ण पशुधन की आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय पशुपालकों को अपनी आय में वृद्धि एवं सरकार की योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।
इस प्रकार की साझेदारी न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल प्रदान कर रही है, बल्कि क्षेत्र में पशुपालन व्यवसाय को भी नई दिशा देने का कार्य कर रही है। पशुपालन विभाग भविष्य में भी इस प्रकार की आपूर्ति और सहयोग के माध्यम से अधिक से अधिक पशुपालकों को लाभान्वित करने के लिए प्रतिबद्ध है।




