चम्पावत 27 अक्टूबर 2025
*पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज अमोडी में ‘बस्ता रहित दिवस’ पर नशा मुक्ति पर विविध कार्यक्रम आयोजित — विद्यार्थियों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश*
‘बस्ता रहित दिवस’ के अवसर पर पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, अमोडी में नशा मुक्ति अभियान के तहत विविध सांस्कृतिक, साहित्यिक और खेलकूद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज में सकारात्मक संदेश देना रहा।
कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिसर में निबंध लेखन प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, वाद-विवाद, स्लोगन लेखन और खेलकूद गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने विचारों और रचनात्मकता के माध्यम से “नशा छोड़ो, जीवन संवारो” और “स्वस्थ जीवन ही सच्ची सफलता” जैसे प्रेरक संदेश प्रस्तुत किए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राजेन्द्र वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस तरह के आयोजन न केवल विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना जगाने का माध्यम हैं, बल्कि यह उनके व्यक्तित्व विकास में भी सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि नशे की लत समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है और युवाओं को इससे दूर रहकर शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
प्रधानाचार्य श्री वर्मा ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे नशा मुक्ति अभियान के सशक्त दूत बनें और अपने घर, परिवार तथा समाज में नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूकता फैलाएँ। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल विद्यालय की गतिविधि नहीं, बल्कि समाज को स्वस्थ दिशा देने का एक प्रयास हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।




