त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 : प्रत्याशियों के लिए व्यय अनुवीक्षण एवं लेखा विवरण संबंधी प्रशिक्षण सम्पन्न ।

Spread the love

मानेश्वर समाचार।

चंपावत 14 जुलाई 2025

 

*त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025: प्रत्याशियों के लिए व्यय अनुवीक्षण एवं लेखा विवरण संबंधी प्रशिक्षण सम्पन्न*

 

त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 के अंतर्गत, जनपद चम्पावत में नामित प्रत्याशियों को निर्वाचन व्यय लेखा तैयार करने के संबंध में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

जिलाधिकारी महोदय के आदेशानुसार तथा नोडल अधिकारी / व्यय अनुवीक्षण सेल की प्रभारी श्रीमती सीमा बंगवाल, वरिष्ठ कोषाधिकारी, कोषागार चम्पावत के दिशा-निर्देश में यह प्रशिक्षण आज दिनांक 14 जुलाई 2025 को दोपहर 12 बजे जिला ऑडिटोरियम गौरलचौड़, चम्पावत में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण का संचालन मास्टर ट्रेनर श्री मुकेश कुमार एवं ट्रेनर श्री मजहर हुसैन द्वारा किया गया।

 

प्रशिक्षण सत्र में प्रत्याशियों को दिन-प्रतिदिन के व्यय का लेखा विवरण भरने की प्रक्रिया, अनुमत व्यय की सीमा, अनुमत साधनों के प्रयोग, एवं अनुमति प्राप्त प्रचार सामग्री आदि का संपूर्ण विवरण प्रस्तुत किया गया। साथ ही, सहायक नोडल अधिकारी (व्यय अनुवीक्षण तंत्र) द्वारा स्पष्ट किया गया कि उत्तराखण्ड राज्य पंचायती राज अधिनियम 2016 की धारा 131(4)(ट)(1) के अनुसार यदि कोई प्रत्याशी निर्धारित समय में निर्वाचन व्यय का लेखा प्रस्तुत नहीं करता है, तो उसे लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 10क के अंतर्गत अयोग्य घोषित किया जा सकता है।

 

इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षण में अवैधानिक व्यय की शिकायतों की स्थिति में प्रमाणिक तथ्यों के आधार पर प्रत्याशी के व्यय अभिलेख में उसका समावेश किए जाने की प्रक्रिया भी समझाई गई। तथा प्रशिक्षण संबंधी अन्य जानकारियां प्रदान की गई।

 

प्रशिक्षण में रिटर्निंग ऑफिसर श्री धनपत कुमार, सहायक निर्वाचन अधिकारी श्री अशोक सिंह नगरकोटी, श्री सुभाष चन्द्र गहतोड़ी, सहायक नोडल अधिकारी (प्रशिक्षण) डॉ० एम० पी० जोशी, विकासखण्ड चम्पावत के सहायक नोडल अधिकारी श्री नन्दन सिंह भाकुनी, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर श्री मनोज भाकुनी, मास्टर ट्रेनर श्री मुकेश कुमार, ट्रेनर श्री मजहर हुसैन, लेखाकार श्री अनिल कुमार एवं सहायक लेखाकार कु० पूजा राय सहित संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।