चम्पावत
*आवागमन सुगम बनाने को विभाग द्वारा साप्ताहिक स्तर पर कराया जा रहा आरबीएम फ़िलिंग का कार्य*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) द्वारा चंपावत जिले के बाराकोट ब्लॉक स्थित चोमेल क्षेत्र के शहीद श्याम सिंह बिष्ट मोटर मार्ग की वर्तमान स्थिति के संबंध में जानकारी देते हुए अवगत कराया गया है कि उक्त शहीद श्याम सिंह बिष्ट मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं सुधार कार्य हेतु एस्टीमेट तैयार कर शासन को प्रेषित कर दिया गया था, जिसकी विभागीय वित्तीय समिति (DFC) द्वारा भी सहमति प्रदान कर दी गई थी।
पीएमजीएसवाई लोहाघाट द्वारा उक्त मार्ग को पीएमजीएसवाई फेज़-4 के अंतर्गत प्रस्तावित कर दिया गया, जिस कारण लोक निर्माण विभाग के स्तर से इस मार्ग को अलग से प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान नहीं की जा सकी।
अधिशासी अभियंता श्री हितेश कांडपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जब तक मार्ग का पूर्ण सुदृढ़ीकरण कार्य तकनीकी प्रक्रियाओं के तहत शुरू नहीं हो जाता, तब तक क्षेत्रवासियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
वर्षा काल या अन्य कारणों से मार्ग पर बनने वाले कीचड़ की समस्या के त्वरित समाधान हेतु विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत मार्ग को गड्ढा-मुक्त और सुचारू बनाए रखने के लिए हर सप्ताह नियमित रूप से आरबीएम (RBM) फ़िलिंग का कार्य लगातार कराया जा रहा है, ताकि स्थानीय लोगों और वाहनों की आवाजाही बिना किसी बाधा के सुरक्षित रूप से बनी रहे।




