*चम्पावत 12 जून, 2026
*नागर निकाय सामान्य निर्वाचन 2026: नगर पंचायत पाटी के प्रत्याशियों के लिए निर्वाचन व्यय लेखा जाँच का कार्यक्रम जारी,15 से 30 जून 2026 तक निर्वाचन व्यय लेखा जाँच का कार्यक्रम*
नागर निकाय सामान्य निर्वाचन-2026 के संपन्न होने के उपरांत अब उम्मीदवारों द्वारा चुनाव के दौरान किए गए खर्चों के मिलान और पारदर्शिता को लेकर कार्रवाई तेज कर दी गई है।
इस संबंध में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निकाय), श्री मनीष कुमार द्वारा अवगत कराया गया है कि निर्वाचन लड़ने वाले सभी प्रत्याशियों के चुनावी खर्च की गहन निगरानी हेतु राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड द्वारा जारी लेखा प्रस्तुति आदेश-2024 के क्रम में नगर पंचायत पाटी के प्रत्याशियों के व्यय लेखा पंजिका की जाँच का विस्तृत कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया है कि इस विधिक व्यवस्था के तहत नगर पंचायत पाटी के अंतर्गत अध्यक्ष और सदस्य पदों पर चुनाव लड़ चुके सभी उम्मीदवारों को अपने चुनावी खर्च का पूरा ब्यौरा तय स्थान और समयावधि के भीतर प्रस्तुत कर उसकी जाँच करवाना अनिवार्य है।
इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को पूरा करने के लिए उम्मीदवारों को सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे निर्वाचन व्यय लेखा पंजिका, सभी मूल बिल-वाउचर, शपथ-पत्र तथा निर्वाचन कार्य से संबंधित बैंक पासबुक की अपडेटेड स्टेटमेंट की जांच अनिवार्य है। उम्मीदवार यह खर्च लेखा विवरण जमा करने का कार्य स्वयं उपस्थित होकर या अपने अधिकृत निर्वाचन अभिकर्ता (इलेक्शन एजेंट) के माध्यम से भी संपन्न करा सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा नगर पंचायत पाटी के समस्त उम्मीदवारों (अध्यक्ष एवं सदस्य) के निर्वाचन व्यय लेखे की जाँच के लिए ‘उपकोषागार पाटी’ को आधिकारिक स्थान नियत किया गया है। साथ ही सभी प्रत्याशियों को आगामी 15 जून, 2026 से लेकर 30 जून, 2026 तक की निर्धारित अवधि के भीतर किसी भी कार्यदिवस में उपकोषागार पाटी में उपस्थित होकर अपने निर्वाचन व्यय लेखे की जाँच की जाने की अपील की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कड़े निर्देश देते हुए अवगत कराया है कि चुनाव के समस्त प्रत्याशी उक्त निर्धारित समय-सारणी के अंतर्गत अपने निर्वाचन व्यय लेखे को उपकोषागार पाटी में जमा कराने का कष्ट करें, ताकि व्यय पंजिकाओं के मिलान की अग्रिम कार्यवाही ससमय संपादित की जा सके।




