बेरोजगार लैब तकनीशियनों का धरना तीसरे दिन भी जारी ।

Spread the love

देहरादून 21 मई । एकता विहार धरना स्थल पर बेरोजगार मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट संघ के बैनर तले लैब तकनीशियनों का अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। विभिन्न जिलों से पहुंचे तकनीशियन अपनी लंबित मांगों को लेकर धरनास्थल पर डटे हुए हैं।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी न्यायोचित मांगों पर सरकार सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने साफ किया कि यह संघर्ष अब आर-पार की लड़ाई बन चुका है।संघ की प्रमुख मांगों में आईपीएचएस मानकों के अनुसार लैब तकनीशियन के पदों का सृजन, सेवा नियमावली का निर्माण और भर्ती को वर्षवार मेरिट के आधार पर करने की व्यवस्था शामिल है। इसके अलावा पिछले 26 वर्षों से नियमित भर्ती न होने के कारण आयु सीमा पार कर चुके अभ्यर्थियों को एकमुश्त छूट देने की भी मांग उठाई गई है।

प्रदर्शनकारियों ने सरकारी लैबों के निजीकरण पर भी कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि इससे बेरोजगारी बढ़ रही है और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से उपेक्षा झेल रहे लैब तकनीशियन अब अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष कर रहे हैं और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

धरना स्थल पर आशीष खाली, गणेश गोदियाल, रजत नौटियाल, मयंक राणा, शैलेश रावत, दीपक जोशी, संजय जोशी, अनूप पयाल, शरद पाल सहित कई लोग मौजूद रहे।

Jaya punetha editor in chief ।