चम्पावत 05 फरवरी, 2026
*जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिला स्तरीय समीक्षा एवं परामर्श समिति (DLRC) की बैठक*
*जिला स्तरीय समीक्षा एवं परामर्श समिति की बैठक में बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा एवं परामर्श समिति (DLRC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न बैंकिंग योजनाओं, ऋण वितरण, वित्तीय समावेशन तथा सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बैंकों द्वारा संचालित स्वरोजगार, कृषि, लघु उद्योग, महिला समूहों तथा स्वरोजगार योजनाओं में ऋण वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि अंतिम पंक्ति तक खड़े व्यक्ति को बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय सहायता का लाभ मिले।
बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूहों के बैंक लिंकेज, स्वरोजगार योजनाओं तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बैंकों को लक्ष्य के अनुरूप ऋण वितरण सुनिश्चित करने तथा लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा बैंक अधिकारी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर स्वरोजगार योजनाओं को बढ़ावा दें ताकि जनपद में रोजगार के अवसर बढ़ सकें। साथ ही वित्तीय साक्षरता शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूक करने पर भी बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों को ऋण प्रवाह में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं में बैंक का प्रदर्शन अपेक्षित स्तर से कम है, जिसे तत्काल बेहतर किया जाना चाहिए।
अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) ने जनपद की वार्षिक ऋण योजना, सीडी रेशियो तथा विभिन्न योजनाओं की बैंकवार प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि बैंकों द्वारा सरकारी योजनाओं के अंतर्गत ऋण वितरण में निरंतर प्रगति की जा रही है।
जिलाधिकारी ने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता दें तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने दें। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि बैंक से संबंधित प्रकरणों में समय से संस्तुति उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री अमर सिंह ग्वाल, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड स्वाति कार्की सहित विभिन्न विभागों एवं बैंक शाखा प्रबंधक एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।



