चम्पावत
*त्रुटिरहित मतदाता सूची के लिए जिला आपदा प्रबंधन सभागार में अधिकारियों को मिला डिजिटल प्रशिक्षण*
*लंबित फोटो अप्रूवल जल्द करें पूरा: ERO Net पोर्टल को लेकर DLMT ने दिया प्रशिक्षण*
भारत निर्वाचन आयोग केनिर्देशानुसार जिला आपदा प्रबंधन सभागार में बृहस्पतिवार को निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पोर्टल (ERO Net) के अंतर्गत ‘नोटिस एवं हियरिंग डैशबोर्ड’ तथा फोटोग्राफ सत्यापन प्रक्रिया से संबंधित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस प्रशिक्षण सत्र में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार मतदाता सूची में कुल प्राप्त फोटोग्राफ्स के सापेक्ष शत-प्रतिशत फोटोग्राफों के समयबद्ध सत्यापन पर मुख्य रूप से बल दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान जिला स्तरीय मास्टर ट्रैनर (DLMT) डॉ. नारायण सिंह ने उपस्थित अधिकारियों को डिजिटल प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार बूथ लेवल अधिकारी (BLO) और सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) के स्तर पर प्राप्त होने वाली सभी फोटो एवं आवेदनों को बिना किसी देरी के अनुमोदित (approve) किया जाना है।
डॉ. सिंह ने डैशबोर्ड के सही संचालन, नोटिस जारी करने की प्रक्रिया और जनसुनवाई (Hearing) के विवरण को पोर्टल पर अद्यतन करने के संबंध में चरणबद्ध जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में बीएलओ और एईआरओ की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में अधिकारियों को पोर्टल के संचालन में आने वाली तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान बताया गया और निर्देश दिए गए कि सभी लंबित मामलों और फोटो अनुमोदन का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा करने को कहा गया ताकि मतदाता सूची अद्यतन करने का कार्य बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री देवेंद्र सिंह अधिकारी, श्री चंदन बिष्ट सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कार्मिक वीसी के माध्यम से उपस्थित रहे ।




