त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव : मतगणना कर्मियों का पहला प्रशिक्षण सम्पन्न।

Spread the love

मानेश्वर समाचार।

चम्पावत 26 जुलाई 2025

 

*त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: मतगणना कर्मियों का पहला प्रशिक्षण संपन्न*

 

गोरलचौड़ मैदान स्थित राजकीय प्रेक्षा गृह में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन–2025 के अंतर्गत मतगणना प्रक्रिया के प्रथम चरण का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जनपद में पंचायत चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिसमें मतगणना संबंधी प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण कड़ी है।

 

इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार ने प्रशिक्षण में मौजूद सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मतगणना प्रक्रिया को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि मतगणना चुनाव प्रक्रिया का सबसे अहम व संवेदनशील चरण होता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात की कोई गुंजाइश नहीं है। मतगणना अधिकारी पूर्ण रूप से निर्लिप्त और निष्पक्ष रहकर कार्य करें।

 

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी चुनाव ड्यूटी के दौरान शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेगा। अनुशासन और मर्यादा में कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा।

 

प्रशिक्षण सत्र में कुल 225 मतगणना सहायक और सुपरवाइजरों ने भाग लिया, जिन्हें निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतगणना प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

 

मास्टर ट्रेनरों ने मतगणना प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और त्रुटिरहित बनाने के लिए सैद्धांतिक और व्यवहारिक दोनों तरह की जानकारी प्रदान की। यह प्रशिक्षण आगामी 31 जुलाई को होने वाली मतगणना के लिए है।

प्रशिक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ जी एस खाती, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, आरओ लोहाघाट विमी जोशी, पाटी नंदन सिंह आगरी, एआरओ बाराकोट व चंपावत सहित मतगणना में लगे कार्मिक उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।