बर्ड फ्लू की रोकथाम को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक* ।

Spread the love

मानेश्वर समाचार।

चम्पावत 19 अगस्त 2025

*बर्ड फ्लू की रोकथाम को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक*

एवियन इन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) की रोकथाम एवं नियंत्रण के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बर्ड फ्लू की स्थिति, रोकथाम उपायों तथा जिले में तैयारियों की समीक्षा की गई।

 

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल ने बैठक में जानकारी दी कि अब तक जनपद चम्पावत में बर्ड फ्लू का कोई भी सकारात्मक मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर जिले की सीमाओं पर सतर्कता बढ़ा दी गई है तथा टनकपुर सीमा से मुर्गियों और अंडों के व्यापार को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। इसके अलावा, जिले के बाहर से मुर्गियों और अंडों के आयात पर अगले एक सप्ताह तक पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा।

जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। पशुपालन विभाग को निर्देश दिए गए कि जिले के सभी पोल्ट्री फार्मों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए, वहां आवश्यक दवाओं एवं डिसइन्फेक्टेंट का छिड़काव किया जाए तथा संचालकों को रोग की रोकथाम संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी पोल्ट्री फार्म या क्षेत्र में पक्षियों के असामान्य मृत्यु के मामले सामने आते हैं तो तुरंत उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए और नमूनों की जांच कराई जाए।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को यह भी निर्देश दिए कि सीमा क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई जाए, पुलिस व प्रशासनिक अमले की संयुक्त टीमें नियमित गश्त करें और किसी भी प्रकार से जिले में बाहर से मुर्गियों या अंडों की आमद न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा गठित निगरानी टीमों को चौक-चौराहों, मंडियों एवं बाजारों में सघन चेकिंग करनी होगी।

उन्होंने किसानों, पोल्ट्री संचालकों और व्यापारियों से अपील की कि वे स्वयं भी सतर्क रहें और जिला प्रशासन का सहयोग करें। जिले के बाहर से किसी भी प्रकार के पक्षी अथवा अंडे न लाएँ। साथ ही, आमजन को भी बिना आवश्यकता पक्षियों के संपर्क में आने से बचने और स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी गई।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती, अपर जिलाधिकारी श्री जयवर्धन शर्मा, उप जिलाधिकारी चम्पावत श्री अनुराग आर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी, नगर पालिका अधिकारी, पुलिस विभाग एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Jaya punetha editor in chief  ।