हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी गांधी जयंती, स्वच्छता अभियान पर विशेष जोर : जिलाधिकारी*।

चम्पावत 30 सितंबर 2025

*हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी गांधी जयंती, स्वच्छता अभियान पर विशेष जोर : जिलाधिकारी*

जनपद चम्पावत में आगामी 02 अक्टूबर को गांधी जयंती समारोह धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस राष्ट्रीय पर्व के सफल आयोजन हेतु कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए समारोह को गरिमामय एवं प्रेरणादायी ढंग से मनाने के निर्देश दिए।

“गांधी जयंती के अवसर पर प्रातः 8:00 बजे जनपद के सभी सरकारी/गैर-सरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण किया जाएगा।* तत्पश्चात महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों का अनावरण एवं माल्यार्पण होगा। इसके उपरांत *प्रातः 9:00 बजे गांधी चौक स्थित गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।*

2 अक्टूबर को जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों में रामधुन, वैष्णव जन भजन, गांधी जी के विचारों पर गोष्ठी तथा अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि गांधी जयंती के अवसर पर “स्वभाव स्वच्छता–संस्कार स्वच्छता” थीम पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत 01 अक्टूबर को प्रातः 10:00 बजे से जनपद के नगरीय क्षेत्रों में नगर पालिका एवं नगर पंचायत तथा ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायतीराज विभाग की देखरेख में सफाई अभियान आयोजित किया जाएगा। इसमें सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करेंगे।

इसके साथ ही सिंचाई विभाग, जल संस्थान, जल निगम एवं स्वजल द्वारा पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई कराई जाएगी तथा उनके आसपास वृक्षारोपण भी किया जाएगा। जल संचय के महत्व पर जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि जनपद के सभी विद्यालयों में महात्मा गांधी जी के जीवन एवं विचारों पर आधारित नाटक, निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जयंती का यह अवसर हमें स्वच्छता, सत्य, अहिंसा और सादगी जैसे आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश देता है।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement