चंपावत 31 अक्टूबर 2025
*चम्पावत में ‘सुरक्षित दवा, सुरक्षित जीवन’ अभियान के तहत मेडिकल प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण*
आमजन के स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), चम्पावत के सचिव, श्री भवदीप रावते के गतिशील नेतृत्व में आज औषधि नियंत्रण विभाग और विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पिथौरागढ़ रोड, चम्पावत क्षेत्र में एक संयुक्त औचक निरीक्षण की कार्यवाही की गई। यह कार्रवाई “सुरक्षित दवा, सुरक्षित जीवन” अभियान के अंतर्गत की गई, जिसमें कुल 04 मेडिकल प्रतिष्ठानों का गहन सत्यापन किया गया। निरीक्षण के दौरान, टीम ने सभी फर्म स्वामियों को औषधियों के सही भंडारण, एक्सपायर्ड हो चुकी दवाओं को बिक्री योग्य स्टॉक से तुरंत पृथक रखने और उनका उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, मेडिकल स्वामियों को यह सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया कि वे आम जनता को बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक्स का उपयोग न करने के संबंध में जागरूक करें। औषधि निरीक्षक चम्पावत, सुश्री हर्षिता ने विशेष रूप से मेडिकल स्टोर स्वामियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे बिना किसी योग्य चिकित्साकीय परामर्श के कफ सिरप का विक्रय न करें, ताकि दुरुपयोग को रोका जा सके। सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को उनके लाइसेंस की शर्तों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा केवल योग्य चिकित्सक के वैध पर्चे (Prescription) पर ही औषधियां वितरित करने के निर्देश दिए गए। सचिव महोदय से प्राप्त निर्देशों के क्रम में, जनपद में मेडिकल प्रतिष्ठानों के सत्यापन एवं निरीक्षण की यह महत्वपूर्ण कार्यवाही भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी। इस संयुक्त निरीक्षण टीम में जिला विधिक सेवा सचिव श्रीमान भवदीप रावते एवं अन्य कर्मचारी, तथा औषधि निरीक्षक चम्पावत सुश्री हर्षिता मौजूद रहीं।
Jaya punetha editor in chief ।




