*सड़क सुरक्षा को लेकर 07 से 09 सितम्बर तक चलेगा विशेष सघन चेकिंग अभियान*

चम्पावत,

 

*सड़क सुरक्षा को लेकर 07 से 09 सितम्बर तक चलेगा विशेष सघन चेकिंग अभियान*

 

*बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रिपल राइडिंग व अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई*

 

*परिवहन विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम करेगी चेकिंग, सुरक्षित यातायात के प्रति किया जाएगा जागरूक*

 

जनपद चम्पावत में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 07 से 09 सितम्बर 2026 तक विशेष सघन चेकिंग अभियान संचालित किया जाएगा। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा), हल्द्वानी संभाग श्री अरविंद पाण्डेय द्वारा इस संबंध में संबंधित परिवहन अधिकारियों एवं प्रवर्तन दलों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

 

सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि के आंकड़ों की समीक्षा के दृष्टिगत अभियान के दौरान विशेष रूप से बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, पीछे बैठी सवारी (पिलियन) द्वारा हेलमेट न पहनने तथा चार पहिया वाहनों में चालक एवं सहयात्रियों द्वारा सीट बेल्ट का उपयोग न करने के मामलों की सघन जांच की जाएगी।

 

अभियान के दौरान बिना हेलमेट, सहयात्री द्वारा हेलमेट का प्रयोग न करने, स्टंट/ट्रिपल राइडिंग, बिना सीट बेल्ट, काली फिल्म का प्रयोग, बिना आवश्यक प्रपत्र तथा बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन संचालन सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए परिवहन विभाग के साथ पुलिस विभाग द्वारा भी संयुक्त कार्रवाई की जाएगी। संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को अभियान में आवश्यक सहयोग एवं समन्वय के लिए निर्देशित किए जाने का अनुरोध किया गया है।

 

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जनपदवासियों से सड़क सुरक्षा नियमों का गंभीरता से पालन करने की अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग सुनिश्चित करें तथा तेज रफ्तार, स्टंट और ट्रिपल राइडिंग जैसे जोखिमपूर्ण व्यवहार से बचें। यातायात नियमों का पालन स्वयं के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।

 

अभियान के माध्यम से प्रवर्तन कार्रवाई के साथ वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करते हुए सड़क दुर्घटनाओं एवं उनसे होने वाली जनहानि को कम करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

Jaya punetha editor in chief ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement