मानेश्वर समाचार।
चंपावत 22 जुलाई 2025
*त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025: पहले चरण के मतदान की सभी तैयारियाँ पूर्ण*
जनपद चंपावत के विकास खंड लोहाघाट एवं पाटी में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के पहले चरण का मतदान 24 जुलाई को संपन्न होगा। जनपद में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ पूर्ण कर ली गई हैं।
इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने बताया कि विकास खंड पाटी में मतदान हेतु कुल 97 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं,
वहीं विकास खंड लोहाघाट में कुल 85 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
डॉ. खाती ने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है तथा हर मतदान दल में 05 कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित की गई है, जिसमें एक पीठासीन अधिकारी तथा चार मतदान अधिकारी (प्रथम से चतुर्थ) शामिल हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि मतदान कार्मिकों को पूर्व में दो बार गहन प्रशिक्षण दिया जा चुका है, तएवं अंतिम प्रशिक्षण मतदान स्थल के लिए रवाना होने से ठीक पूर्व प्रदान किया जाएगा, जिससे वे मतदान प्रक्रिया की सभी तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक पहलुओं से पूर्णतः परिचित हो सकें।
23 जुलाई को सभी मतदान पार्टियाँ संबंधित विकास खंडों में रिपोर्ट करेंगी, जहाँ से उन्हें निर्वाचन से संबंधित सामग्री एवं दिशा-निर्देश प्राप्त होंगे। तत्पश्चात वे अपने-अपने निर्धारित बूथों की ओर रवाना हो जाएँगी।
मतदान की प्रक्रिया 24 जुलाई को प्रातः 08:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक संपन्न होगी। मतदान उपरांत सभी पार्टियाँ निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार सुरक्षित रूप से वापस लौटेंगी। इसके लिए दोनों विकास खंडों में कलेक्शन एवं डिस्पैच सेंटर स्थापित किए गए हैं।
*जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा जनपद के समस्त मतदाताओं से अपील की गई है कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें एवं लोकतंत्र को सशक्त बनाने में सहभागी बनें।*




