नगर पंचायत पाटी निर्वाचन को लेकर चल रही तैयारियां, मतदान व मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण संपन्न।

Spread the love

चंपावत 06 जून 2026

*नगर पंचायत पाटी निर्वाचन को लेकर चल रही तैयारियां, मतदान व मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण संपन्न*

आगामी नगर पंचायत पाटी में अध्यक्ष और सदस्यों के निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, सुरक्षित और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां की का रही हैं।

इसी क्रम में शनिवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (नगर निकाय) श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम के तहत चुनाव के सफल संपादन के लिए नियुक्त किए गए मतदान दलों का द्वितीय प्रशिक्षण और मतगणना पर्यवेक्षकों तथा मतगणना सहायकों का प्रथम प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मतदान की गोपनीयता, शुचिता तथा पूरी तरह से निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक कानूनी व तकनीकी जानकारियां प्रदान की गईं।

सत्र के दौरान चुनाव के दिन बरती जाने वाली सभी जरूरी सावधानियों और नियमों के बारे में चरणबद्ध तरीके से विस्तार से समझाया गया, ताकि संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।

इस प्रशिक्षण के व्यावहारिक सत्र में डिजिटल प्रस्तुतीकरण (प्रेजेंटेशन) के जरिए मतदान दल के कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी (प्रशिक्षण) श्री जीवन कलौनी तथा श्री पी. सी. उपाध्याय द्वारा किया गया।

दोनों मुख्य प्रशिक्षकों ने उपस्थित कार्मिकों को चुनाव और मतगणना से जुड़े नियमों की बारीकी से जानकारी दी और उनके संशयों का निवारण किया।

इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री मान सिंह सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी संबंधित प्रशिक्षार्थी, अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Jaya punetha editor in chief ।