चम्पावत 10 अक्टूबर 2025
*सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम से मिल रहा लोगों को त्वरित लाभ — शिकायतों का हो रहा पारदर्शी और प्रभावी समाधान*
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन एवं जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के नेतृत्व में जनपद चम्पावत में संचालित “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम जनहित में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं समाधानमुखी निस्तारण किया जा रहा है।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत डांडा ककनई में आयोजित “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम के दौरान प्राप्त एक महत्वपूर्ण प्रार्थना पत्र पर प्रशासन द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए शिकायत का सफल समाधान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती रेखा देवी द्वारा राशन कार्ड जारी करने का अनुरोध किया गया था। संबंधित विभागों द्वारा प्राथमिकता से कार्रवाई करते हुए अब श्रीमती रेखा देवी को उनका राशन कार्ड जारी कर प्रदान कर दिया गया है, जिससे उन्हें खाद्य सुरक्षा एवं आवश्यक सरकारी सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि “सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों तक शासन की योजनाओं को सीधे पहुँचाना और समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है।” उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।



