मानेश्वर समाचार।
चम्पावत 12 जुलाई 2025
*पंचायत चुनाव 2025: पीठासीन व मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण संपन्न, मुख्य विकास अधिकारी ने दी कड़ी जिम्मेदारी निभाने की सीख*

त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गौरलचौड़ मैदान, चंपावत स्थित ऑडिटोरियम में पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारी प्रथम हेतु दो दिवसीय गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दूसरे दिन मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने प्रशिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को गंभीरता से समझने और उसे नियमानुसार निष्पादित करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “निर्वाचन प्रक्रिया देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव है। आप सभी अधिकारी उस व्यवस्था के संवाहक हैं, अतः आपसे अपेक्षा है कि आप न केवल निष्पक्षता व पारदर्शिता बनाए रखें, बल्कि आम मतदाता को यह विश्वास भी दिलाएं कि उसका मत सुरक्षित और महत्वपूर्ण है।”
उन्होंने कहा कि चुनाव एक अत्यंत संवेदनशील एवं जवाबदेह दायित्व है, जिसमें पारदर्शिता, समयबद्धता एवं निष्पक्षता सर्वोपरि हैं। मतदान केंद्र पर आने वाले प्रत्येक मतदाता को सम्मानजनक व्यवहार, समुचित मार्गदर्शन और मूलभूत सुविधा मिलनी चाहिए, यह हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि चुनाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने मतपेटियों की सुरक्षा, सामग्री प्रबंधन, वर्षा ऋतु में आवश्यक सतर्कता सहित मतदान की समग्र प्रक्रिया पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने प्रशिक्षण सत्र के दौरान स्वयं मतपेटियों से संबंधित अभ्यास का निरीक्षण कर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक व्यावहारिक दिशा-निर्देश भी दिए।
प्रशिक्षण सत्र में मास्टर ट्रेनर श्री जीवन कॉलोनी, डॉ. एम.पी. जोशी एवं श्री पी.एस. उपाध्याय द्वारा प्रशिक्षार्थियों को मतगणना, मतपत्रों की पहचान, मतदान केंद्र की व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता, आकस्मिक स्थिति प्रबंधन, बैलेट बॉक्स संचालन एवं मतदान दिवस की कार्य योजना जैसे विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों की शंकाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें हर परिस्थिति हेतु नियमानुसार निपटने हेतु प्रशिक्षित किया गया।
इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम सहित अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।
Jaya punetha editor in chief ।




