मानेश्वर समाचार।
चम्पावत 20 जुलाई 2025
*केंद्रीय विद्यालय बनबसा में NDRF का स्कूल सुरक्षा प्रशिक्षण — छात्रों को सिखाया जीवन रक्षक उपायों का अभ्यास*

राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) द्वारा केंद्रीय विद्यालय बनबसा में एक दिवसीय स्कूल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन, आत्म-सुरक्षा एवं जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी देकर उन्हें संकट की घड़ी में सजग एवं सक्षम बनाना था। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
एनडीआरएफ की प्रशिक्षित टीम ने विद्यार्थियों को प्राकृतिक आपदाओं जैसे भूकंप, बाढ़, और अग्निकांड से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी। भूकंप के समय अपनाई जाने वाली ‘ड्रॉप, कवर एंड होल्ड’ तकनीक का अभ्यास कराया गया, जिसमें छात्रों को वास्तविक परिदृश्य के अनुरूप प्रशिक्षित किया गया।
बाढ़ की स्थिति में ऊँचाई वाले स्थानों पर शरण लेने, सूखे व सुरक्षित मार्गों से बाहर निकलने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वहीं आग लगने की स्थिति में सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण निकासी के उपायों को बच्चों को व्यवहारिक रूप में समझाया गया।
कार्यक्रम में CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) तकनीक का जीवंत प्रदर्शन कर NDRF अधिकारियों ने छात्रों को बताया कि हृदयगति रुकने की स्थिति में CPR एक अत्यंत प्रभावी जीवन रक्षक प्रक्रिया है, जिसे कोई भी सामान्य नागरिक भी सीखकर किसी की जान बचा सकता है। ‘जांच करें – सहायता बुलाएं – दबाव दें’ के सिद्धांत पर आधारित यह तकनीक छात्रों को चरणबद्ध रूप से समझाई गई और अभ्यास भी कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ टीम ने इस बात पर बल दिया कि आपदा के समय घबराने के बजाय शांत रहकर तत्काल सही निर्णय लेना अत्यंत आवश्यक होता है। प्रशिक्षण ने न केवल बच्चों को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान किया, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित की।
Jaya punetha editor in chief ।




